Sunday 30 April 2023

महाबाहु सिंधु, उसकी सखियाँ और हिमगिरि का लीलाभवन...

 




महाबाहु सिंधु, उसकी सखियाँ और हिमगिरि का लीलाभवन...


अगस्त-सितंबर आते-आते सिंधु का जोश मानों कुछ कम-सा हो जाता है। उधर हिमानियों में शीत का असर ज्यों-ज्यों बढ़ता है, वैसे ही उनका पिघलना-गलना कम होने लगता है, असर सिंधु में दिखने लगता है। सितंबर के माह में ही पितृपक्ष आता है। तर्पण-श्राद्ध के लिए सिंधु तट पर जाना पितृपक्ष की दैनंदिनी में सम्मिलित हो जाता है। एक दिन हमें सिंधु में तर्पण करते कुछ सैलानी देखते हैं। उत्सुकतावश आकर पूछ बैठते हैं.... कौन-सी नदी है, यह? हम अवाक् उनके चेहरे को ताकते हुए किंचित् अचरज के साथ कहते हैं- आपको क्या नहीं पता, ये सिंधु हैं...। सैलानियों में से एक वृद्ध महाशय तुरंत भक्ति के भाव में डूबकर जयकारा लगाते हैं, सिंधु मइया की जय हो...। अन्य सैलानी भी उनके सुर में सुर मिलाकर जयकारा लगा देते हैं—जय हो... जय हो...। कुछ की आवाज धीमी, तो कुछ की तेज होती है...। प्रातःकाल की वेला में नील कुसुमित गगन की आभा को दर्पण की तरह समेटे नीरव सिंधु और उसका तट इस जयकारे से गुंजायमान हो उठता है।

यह जयकारा तो ठीक था.... लेकिन सिंधु का परिचय ही यहाँ बदल गया था। पर्यटकों का भक्ति-भाव स्तुत्य था, लेकिन संशोधन आवश्यक था, इस कारण उनको बड़े विनम्र भाव के साथ हमने बताया, कि सिंधु मइया नहीं हैं, नदी नहीं हैं...। सिंधु में मातृत्व नहीं, पितृत्व है..। सिंधु नद हैं, महाबाहु हैं। हे सिंधु देव! वंदन है, आपका...। हमारा यह कथन पर्यटकों को आश्चर्य में डालने के लिए पर्याप्त था, ऐसा अनुभूत करते हुए एक ओर हम अपने तर्पण कार्य में लग गए, दूसरी ओर वे संभवतः हमारे संवाद की परतों को उधेड़ने-बुनने में लगे हुए थे।

लेह नगर से लगभग बारह-पंद्रह किलोमीटर दूर सिंधु घाट ने अपने कई रूप देखे हैं। हम जब पहले-पहल आए थे, तब यहाँ टीन की चादरें लगी थीं और लोगों के बैठने के लिए एक खुला मंच जैसा हुआ करता था। अब तमाम नया निर्माण हो गया है। पर्यटक तब भी खूब आते थे, अब भी आते हैं। क्या पता, उन्हें तब सिंधु के बारे में जानकारी रहती होगी, या आज के जैसे ही सिंधु का घाट पर्यटकों के लिए केवल सैर-सपाटा और प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने का ठिकाना-मात्र रहता होगा। कुछ भी हो... अंग्रेजी ने यहाँ भी एक बड़ी गड़बड़ पैदा कर रखी है, ऐसा हमें तब भी लगता था, आज के इस संवाद ने पुनः हमारे विचार को मजबूती प्रदान कर दी थी। अंग्रेजी में ‘रिवर’ के स्त्रीलिंग या पुल्लिंग रूप नहीं हैं। दूसरा कारण यह भी हो सकता है, कि अधिकांश नदियाँ ही हैं...। इनकी संगत में नद भी नदियों के रूप में मान लिए जाते हैं, जाने-अनजाने में...। सिंधु के साथ भी कुछ ऐसा ही समझ में आता है।

ब्रह्मपुत्र, सोन और सिंधु; ये तीनों नद हैं। नद के रूप में सबसे कम पहचान सिंधु की है। सिंधु का तट सर्वस्तिवादी बौद्ध मतानुयायियों से जीवंत है। सर्वस्तिवादी बौद्धमत के ग्रंथों में सिंधु नद के रूप में अंकित है। भारत के मानचित्र को देखें, तो पूर्व में ब्रह्मपुत्र और पश्चिम में सिंधु का विशाल प्रवाह दिखता है। ऐसा प्रतीत होता है, कि ब्रह्मपुत्र और सिंधु दोनों भारतमाता की दो भुजाओं की तरह हैं। इसी कारण ये महाबाहु हैं। नदों की कथाएँ बड़ी रोचक होती हैं। ब्रह्मपुत्र की कथा में भी अनेक पड़ाव हैं, सिंधु में भी हैं, लेकिन भौगौलिक कारकों ने सिंधु के साथ मानव का मेल-मिलाप उतना नहीं रहने दिया, जितना सोन और ब्रह्मपुत्र का है। सोन भी नद है, गोंडवाना क्षेत्र में सोन का प्रवाह है। सोन वस्तुतः शोणभद्र है। शोणभद्र का स्वभाव भी भद्र है। यह अलग बात है, कि नर्मदा के साथ शोणभद्र की पटरी नहीं बैठी। एक छोटी-सी भ्रांति ने, एक मिथ्याबोध ने सोन और नर्मदा को अलग-अलग कर दिया। आज भी नर्मदा विपरीत दिशा में प्रवाहमान हैं, सोन के निकट से निकलते हुए भी मिलती नहीं हैं। शोण भी अपने भद्र स्वभाव को त्यागकर उच्छृंखल नहीं होता। वह शांत-संयत रहता है।

 सिंधु शोण की तरह शांत नहीं है। लेह के पास सिंधु का जो प्रवाह देखने को मिलता है, वह थोड़ा-सा आगे चलते ही कई गुना तेज हो जाता है। लोक में सिंधु के स्वभाव की जानकारी कम ही पाई जाती है। सिंधु के नाम से सामान्य जन की जानकारी सिंधु घाटी सभ्यता और सिंधु से हिंदु व हिंदुस्थान तक ही जाती है। सिंधु नद है, नद के रूप में आखिर सिंधु क्यों मान्य है, ये बातें कम लोग ही जानते होंगे। कम-से-कम नई पीढ़ी में तो यही स्थिति होगी। वैसे इन तथ्यों को जानने के लिए अतीत की बड़ी गहरी परतों को उधेड़ना पड़ता है।

गंगा च यमुने चैव गोदावरी सरस्वती ।

नर्मदे सिंधु कावेरी जलेऽस्मिन सन्निधिम् कुरु ।।

-------

गंगा सिंधु सरस्वती च यमुना गोदावरी नर्मदा,

कावेरी सरयू महेन्द्रतनया चर्मण्यवती वेदिका ।

क्षिप्रा वेत्रवती महासुरनदी ख्याता जया गण्डकी,

पूर्णाः पूर्णजलैः समुद्रसहिताः कुर्वन्तु मे मंगलम् ।।

 

भारतीय वाङ्मय में सिंधु का वर्णन अनेक ग्रंथों में है। लोक-व्यवहार में सभी पवित्र नदियों का आह्वान स्नानादि कार्यों के लिए, पूजापाठ के लिए जब किया जाता है, तब सिंधु का भी आह्वान होता है। सिंधु का महत्त्व और माहात्म्य सनातन परंपरा में गंगा से पहले का है, और गंगा से अधिक भी है। प्राकृतिक बाधाओं और जटिलताओं ने सिंधु तक श्रद्धालुओं की पहुँच को कठिन बनाया, लेकिन सिंधु की प्रतीकात्मक उपस्थिति लोक में हर जन के साथ रही है, आज भी है...। समस्त पवित्र नदियों-नदों के जल की सन्निधि, यह सन्निधान धार्मिक संदर्भ-मात्र नहीं है। यह तो सांस्कृतिक ऐक्य का अभिधान है, प्रयास है। एक छोर पर गोदावरी-कावेरी, तो दूसरे छोर पर सिंधु, गंगा, यमुना हैं। सरयू, महेंद्रतनया, नर्मदा मध्य में हैं। यह आर्यावर्त की सांस्कृतिक परिधि का अंकन करने के साथ ही सांस्कृतिक एकता के मंत्र का पाठ भी है। सभी नदों-नदियों का जल से पूर्ण होना, सांस्कृतिक गठबंधन को जलराशि से बाँधना मानव के लिए मंगलकारक है, मंगलदायी है।

सिंधु सदियों से इसी भावधारा को निभाता रहा है। लद्दाख अंचल में एक स्वाँग खेला जाता है- लामा-जोगी का...। लामा बौद्ध भिक्षु है, लाल चीवर धारण किए हुए केशों का मुंडन कराए हुए..., जोगी श्वेत धोती धारण किए हुए है, लंबी धवल केश-राशि और दाढ़ी-मूँछों के साथ...। दोनों ही साथ-साथ जाते हैं, हाथों में अक्षत लिए हुए गाँवों की गलियों से जब निकलते हैं, तो श्रद्धालुजन स्वतः प्रेरणा से बाहर आकर अभिवादन करते हैं, परंपरागत पद्धति से पूजा-अर्जना करते हैं। लामा-जोगी समवेत स्वर से गृहस्वामी और अन्य परिजनों के लिए मंगलकामनाएँ करते हैं। जोगी लद्दाख में सिंधु के सहारे आए, अपनी सनातन परंपरा को अपनी तीर्थयात्राओं से अभिसिंचित करते हुए। यात्राओं की जटिलता ने, बदलते परिवेश ने, बदलती हवाओं ने और संस्कृतियों पर आक्रमणों के बाद बदलती धारणाओं-भावनाओं ने जोगियों का आना भले ही बाधित कर दिया हो, लेकिन लोक में जीवित और जीवंत परंपराएँ गहरे उतरकर जिस भावबोध से साक्षात् कराती हैं, उन्हें सिंधु ने अपने जल से सींचा है, पाला और पोसा है।

इतिहास घूम-घूमकर आता है, स्वयं को दोहरा लेता है। सिंधु दर्शन यात्रा ने पिछले साल ही अपने पचीस वर्षों की यात्रा पूरी की है। वर्ष 1997 में पहली बार सिंधु दर्शन यात्रा का आयोजन हुआ था। इसका प्रारंभ सिंधु की गौरवगाथा को गुनने-सुनने की भावभूमि पर हुआ था। पचीस वर्षों में सिंधु यात्रा ने देश ही नहीं, विदेशों के असंख्य लोगों को जोड़ा है। सिंधु दर्शन यात्रा के आज जिस आधुनिक संस्करण को देखते हैं, उसके पुरातन रूप को लामा-जोगी के स्वांग के साथ अनूभूत किया जा सकता है। सिंधु के किनारे-किनारे चलने वाली धार्मिक यात्राएँ एक ओर कैलास मानसरोवर तक, तो दूसरी ओर काश्मीर की धरती पर अमरनाथ और वैष्णवी देवी तक चलती रहती थीं।

सिंधु का उद्गम कैलास मानसरोवर से होता है। महायान परंपरा की बौद्ध मान्यताओं के अनुसार सिंधु का उद्गम शेर-मुख से हुआ है। कैलास की वह प्राकृतिक निर्मिति, जो शेर के समान दिखती है, उससे सिंधु का उद्गम होता है। इस कारण लद्दाखी भाषा में सिंधु ‘सेङ्गे खबब’ है। सिंधु के तट पर ही महाराजा पोरस ने सिकंदर की विश्व-विजय की कामना को धूल चटा दी थी। सिंधु के जल का यह प्रभाव कह सकते हैं, कि सिंह के मुख से निकलने वाले सिंधु का जल सिंह के सदृश वीरत्व के गुणों को धारण करने वाला है। सिंधु के किनारे-किनारे दरद, मोन-किरात आदि प्रजातियों का निवास रहा है। आज के जाटों की प्रजातियाँ भी यहाँ रही होंगी, ऐसे अध्ययन भी सामने आने लगे हैं। दरदों ने कौरवों ती तरफ से और किरातों ने पांडवों की तरफ से युद्ध लड़ा था। सिंधु के किनारे संस्कृतियों के संघर्षों की अनेक गाथाएँ आज भी गूँजती हैं।

सिंधु की लीलाभूमि हिमगिरि के उत्तुंग शिखरों-मेखलाओं में विस्तृत है। सिंधु अपने साथ हिमगिरि की अन्य नदियों को मिलाकर लंबी यात्रा तय करने वाला नद है। हिमालय का पश्चिमी भाग सिंधु के हिस्से में है। वितस्ता, चिनाब, चंद्रा, भागा और जाङ्स्कर आदि नदियाँ सिंधु के साथ मिलकर अपना सर्वस्व अर्पित कर देती हैं। सिंधु यदि महाबाहु हैं, सिंह के मुख से निकलकर अपने गर्जन से धरती को गुंजायमान कर देने वाले हैं, तो पर्वतप्रदेश के अधिपति इंद्र भी कमतर नहीं हैं। वे वर्षा के देव हैं, बादलों के प्रतिरूप हैं। कृष्ण के लिए भी इंद्र चुनौती बने थे, सिंधु के लिए भी इंद्र चुनौती बने। विवश सिंधु को अपना रास्ता बदलना पड़ा। ऋग्वेद के द्वितीय मंडल में पंद्रहवाँ सूक्त है-

सोदञ्चं सिन्धुमरिणात् महित्वा वज्रेणान उषसः संपिपेव।

अजवसो जविनीभिः विवृश्चन् सोमस्य ता मद इन्द्रश्चकार॥

(ऋग्वेद द्वितीय मण्डल 15वाँ सूक्त)

इंद्र ने उषा के रथ को अपनी सेना के बल से बलहीन कर दिया, तेजहीन कर दिया और सिंधु के मार्ग को बदल दिया। बलवान सोमरस की शक्ति के बल पर इंद्र द्वारा सिंधु का मार्ग बदले जाने के कारण सिंधु का प्रवाह उत्तर की ओर हो जाता है। आज भी सिंधु का प्रवाह गिलगित तक उत्तर की ओर दिखता है। स्करदो के केरस नामक स्थान पर शयोक नदी सिंधु से मिलती है। सिंधु का प्रवाह यहाँ बदल जाता है। स्करदो में अपने साथ शिगर नदी को मिलाकर सिंधु का प्रवाह दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर हो जाता है। स्करदो एक समय लद्दाख का भाग हुआ करता था। स्करदो में लद्दाख की शीतकालीन राजधानी होती थी। इससे पहले यह त्रिवेणी के समान मान्य रहा होगा। शिगर, शयोक और सिंधु की त्रिवेणी यहाँ एक समय में सनातन परंपरा के लिए आस्था के बड़े केंद्र के रूप में रही होगी, जो कालांतर में सांस्कृतिक संघर्षों की परतों के बीच अपने अतीत को किसी एकांत खंडहर में छिपाए हुए होगी। अध्येताओं को यह भूमि अपनी ओर बुलाती है, आज भी...।

ंद्र के पौरुष का आख्यान यदि भारतीय वाङ्मय से आता है, तो इसे पुष्ट करती भूवैज्ञानिक खोजें बताती हैं, कि किस तरह टेथेस सागर बदलकर हिमालय की निर्मिति करता है, और किस तरह सिंधु का मार्ग बनता है, जिससे सागर का जल निकलकर प्रवाहित होता है। जुरासिक काल में हिमालय नहीं था। यहाँ टेथेस सागर की लहरें हिलोरें मारती थीं। भूगर्भीय प्लेटों के टकराने और एक-दूसरे के ऊपर चढ़ते जाने के कारण जब हिमालय की निर्मिति होने लगी, तब टेथेस सागर के जल की निकासी के मार्ग बनने लगे। शयोक तांतव संधि-क्षेत्र या ‘शयोक स्यूटर जोन’ बना, जिसने शयोक को जन्म दिया। इसी प्रवाह के कारण प्रसिद्ध पङ्गोङ झील का निर्माण हुआ। सिंधु-शयोक तांतव संधि-क्षेत्र भी इसी भूगर्भीय हलचल से बना, जिसमें सिंधु का प्रवाह है, और केरिस में शयोक व सिंधु का मिलन है। पङ्गोङ की तरह कई छोटी-बड़ी झीलें सिंधु-शयोक तांतव-संधि क्षेत्र में हैं, जिनका पानी खारा है। एकदम समुद्री है। एक समय इस संधिक्षेत्र के निवासी नमक बनाने का काम किया करते थे, जैसा कि उड़ीसा की चिलका झील या अन्य समुद्रतटीय क्षेत्रों में होता है। चङ्थङ् के निवासी पहले रेशम मार्ग के उपमार्ग से होकर लेह तक नमक का व्यापार करने आते थे। आज के पाकिस्तान में उन दिनों चङ्थङ् के नमक का स्वाद ही तैरता था। ऐसा कहा जाता है, कि वहाँ नमक बहुत कठिनाई से पहुँचता था, इस कारण लोग नमक की बरबादी बिलकुल भी नहीं करते थे।

शयोक और सिंधु का मिलन न केवल भूगर्भीय घटना का परिणाम है, वरन् इनके बीच एक अलग-सा संबंध अनुभूत कर सकते हैं। हिमाचल में बारालाचा दर्रा है। इसे लोग बड़ालाचा भी कहते हैं। यह मनोहर श्याम जोशी की कथाभूमि में भी रचता-बसता है। इसी के चंद्रताल से निकली चंद्रा और सूर्यताल से निकला भागा का मिलन तांदी में होता है। लाहुल-स्पीति की लोककथाओं में चंद्रा और भागा की प्रेमकथा रस ले-लेकर सुनी-सुनाई जाती है। तांदी में जो चंद्रभागा है, वह थोड़ा आगे बढ़ते ही चेनाब हो जाती है। इसे ही वैदिक काल की असिक्नी के रूप में जानते हैं। यह आम बोलचाल में इशकमती हो जाती है, साथ ही अपने रूप-गुण को भी ऐसे ही निभाते चलती है। हीर-राँझा, सोहनी-महिवाल की प्रेमकथाएँ इसी इशकमती के किनारे फलती-फूलती हैं। शयोक और सिंधु के बीच भी यह संबंध एक कवि-मन के द्वारा देखा जा सकता है, यह हमने तब अनुभूत किया, जब एक लंबा समय हरहराकर बहती शयोक के किनारे पर बिताया। खरतुंग से नीचे उतरती शयोक ऐसे गरजते हुए बहती है, मानों खरतुंग से अपनी नाराजगी प्रकट कर रही हो। अगर खरतुंग बीच रास्ते में न खड़ा होता, तो शयोक को अपने सिंधु से मिलने के लिए केरिस तक की लंबी यात्रा न करनी पड़ती। सिंधु की तुलना में शयोक कुछ अधिक ही अल्हड़ और तीखी है। केरिस तक, सिंधु से मिलन तक कितने बल खाती है, कितनी चालें बदलती है, कितने नखरे दिखाती है, जरा सियाचिन की तलहठी में..... काराकोरम की छाँह में घूमकर देख तो लीजिए।

शयोक का गहरा नाता रेशम मार्ग से भी रहा है। जब रेशम मार्ग और उसके उपमार्ग चलन में थे, तब कई स्थानों पर शयोक को पार करना पड़ता था। शयोक में अचानक आ जाने वाली बाढ़ और तेज बहाव आदि रेशम मार्ग के यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बनते थे। शयोक के किनारे बसे गाँवों के रहवासी तो शयोक से खासे नाराज रहते हैं। उनके खेतों और उनकी बस्तियों को बरबाद करने में शयोक को तनिक भी देर नहीं लगती। इसी कारण नाराजगी में ये लोग शयोक का पानी अपने खेतों में भी नहीं सींचते। आज भले ही स्थितियाँ बदल गईं हों, लेकिन पहले के लोगों ने नदी के कारण जीवन नहीं, विस्थापन को देखा है। इसी कारण शयोक के प्रति लोक की नाराजगी कथाओं-किस्सों में भी देखने को मिल जाती है।

स्करदो में, जहाँ शयोक और शिगर नदियाँ सिंधु से मिलती हैं, वह निश्चित रूप से बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र रहा होगा। यहाँ संस्कृतियों के संघर्ष ने, आक्रमणों की विभीषिकाओं ने भले ही बहुत-कुछ बदल दिया हो, लेकिन सिंधु का प्रवाह जब तक रहेगा, तब तक अतीत की गौरवगाथा को, सिंधु सभ्यता को, सप्त-सिंधु के सांस्कृतिक-आध्यात्मिक वैभव को स्मरण रखा जाएगा। स्करदो से आगे बढ़कर सिंधु के मुलतान पहुँचने पर चिनाब का मिलन सिंधु से होता है। इस संगम के निकट ही आदित्य मंदिर है। जामवंत की पुत्री जामवंती श्रीकृष्ण की रानी थीं। इनके पुत्र का नाम सांब था। श्रीकृष्ण के श्राप के कारण सांब कुष्ठ रोग से पीड़ित हो गए थे। सांब ने सूर्य की तपस्या की। सूर्य ने प्रसन्न होकर चंद्रभागा नदी में स्नान करने को कहा। आज भी चंद्रभागा कोढ़ ठीक करने वाली नदी के रूप में जानी जाती है। संभवतः सांब का शासन वर्तमान मुलतान में भी रहा होगा। इसी कारण चिनाब-सिंधु के मिलन-स्थल पर सांब ने अपने आराध्य आदित्य देव का मंदिर बनवाया। यह कोणार्क के सूर्य मंदिर की तरह का है। आज इसके भग्नावशेष ही दिखते हैं। सांब और सांबा सेक्टर एक ऐसा साम्य उत्पन्न करते हैं, जो अतीत की कड़ियों से वर्तमान को जोड़ता है। सिंधु नद मुलतान से आगे बढ़ते हुए अपने साथ हिंगोल नदी को मिलाता है। पाकिस्तान के बलोचिस्थान प्रांत में माता हिंगलाज का मंदिर है। माता हिंगलाज का यह मंदिर बावन शक्तिपीठों में से एक है।

सिंधु नद कैलास-मानससरोवर से अपनी यात्रा प्रारंभ करते हुए कराची के दक्षिण में सिंधु सागर से मिल जाता है। सिंधु सागर नाम भी सिंधु नद के मिलने के कारण पड़ा है। सिंधु सागर का एक नाम अरब सागर भी है, जो संभवतः तटवर्ती अरब के देशों के कारण पड़ा होगा। सिंधु सागर के किनारे की कृष्ण की द्वारिका है। सिंधु-चेनाब के संगम में कृष्ण के पुत्र सांब की नगरी है, आदित्य मंदिर है। सिंधु के किनारे-किनारे उन सभी प्रजातियों का निवास है, जो महाभारत के युद्ध में कौरवों और पांडवों के बीच बँटकर लड़ी थीं। रामायण में सिंधु महानदी है, महाभारत में सिंधु का विस्तार है, क्योंकि महाभारत का सिंधु से बहुत गहरा नाता है। सैंधवों, गंधर्वों के क्षेत्र, वर्तमान मिथन कोट या कोट मिट्ठन में राजा शिवि के पुत्र वृषदर्भ की राजधानी, दरदों, मोनों-किरातों आदि के ठिकाने सिंधु के तट पर ही हैं। ये सभी महाभारत के महासंग्राम के साक्षी रहे हैं। सिंधु नद और उसकी सखियाँ हिमगिरि के लीलाभवन में न केवल भौगौलिक निर्मितियाँ गढ़ती हैं, वरन् अनेक ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और धार्मिक संदर्भों को सहेजती हैं। कभी हिमगिरि के लीलाभवन में इनके स्वरों को सुनिए.... मौन होकर, ध्यान लगाकर, चिंतन में गहरे उतरकर, इतिहास की परतों को उलट-पलटकर...। अनेक अनसुनी कहानियाँ, अनेक अनकहे किस्से, ढेरों बातें इनके प्रवाह में आपको मिलेंगी। पर्यटक के रूप में नहीं, सैलानी के रूप में नहीं... अपनी संस्कृति और अपने धर्म के प्रतिनिधि बनकर इनके तट पर आइए तो...।

(कश्फ़, अमृतसर, संयुक्तांक- 2022-2, 2023-1, वर्ष-21-22, पंज- 13-14, दिसंबर, 2022 से जून 2023 अंक में प्रकाशित)


No comments:

Post a Comment