Showing posts with label Environment. Show all posts
Showing posts with label Environment. Show all posts

Thursday, 2 May 2024

नंदी की कौन सुने....

 


नंदी की कौन सुने....

काशी का बाबा विश्वनाथ तीर्थक्षेत्र....। युगयुगीन प्रवाहित भागीरथी के तट पर अनंतकाल से जीवंत-जागृत काशी। काशी के अधिपति बाबा विश्वनाथ का स्थान, स्वयंभू विश्वेश्वर महादेव, और उनके सामने विराजमान नंदी...। अनेक पीढ़ियों ने इस दिव्य दर्शन को पाकर अपने जीवन को धन्य किया। आराधना-पूजा करके अपनी मनोकामनाओं को पूरा होते देखा। यह गौरवपूर्ण अतीत, यह आध्यात्मिक परंपरा, भक्ति की प्रवाहित धारा कब आक्रांताओं के आक्रमणों की भेंट चढ़ी, यह इतिहास का विषय है। इतिहास की पुस्तकों की सच की गहराई का स्तर अतीत की विभीषिका को आँकने का माध्यम अवश्य हो सकता है, किंतु प्रत्यक्ष का प्रमाण अतुलनीय होता है। इसी कारण विश्वेश्वर के नंदी की चर्चा आजकल खूब हो रही है।

हमारा बचपन आँखों के सामने घूम रहा है। हमारे पुराने समय में साधुओं का दल नंदी राजा को लेकर गाँव-गाँव घूमता था। नंदी राजा के आते ही मानों गाँव-जवार में हलचल-सी आ जाती। लोग नंदी राजा के लिए सीधा-पिसान लेकर आ जाते। बड़ी आस्था के साथ पाँव छूते। बड़ी सुंदर-सी झूल पीठ पर डाले, जिसमें कौड़ियों-सीपियों की कढ़ाई होती, तेल से चमचमाते हुए सींग, गठीली देहयष्टि, स्वयं में मगन नंदी राजा लोगों के लिए अनेक आशाएँ लेकर आते, सुनहरे सपनों के पंख लेकर आते...। इसी कारण नंदी राजा को भेंट-चढ़ावा देकर अपना-अपना भविष्य पूछने का क्रम चालू हो जाता। किसी को हाँ में सिर हिलाकर, तो किसी को ना में सिर हिलाकर नंदी राजा भविष्य बताते। लोग आस्था में नतमस्तक होकर नंदी राजा के माध्यम से औढरदानी महादेव तक अपना संदेश भिजवाते।

लोकजीवन इन्हीं बातों से सँवरता है। आस्था की बड़ी-बड़ी अट्टालिकाएँ नहीं गढ़ता..., घास-फूस की झोपड़ियों में ही प्रसन्न हो लेता है। शिवालयों में स्थापित नंदी के कान में धीमे से कुछ कहती बूढ़ी माई को देखकर, किसी परीक्षार्थी बच्चे को नंदी के कान में फुसफुसाते देखकर ऐसा ही लगता है। मानों वे नंदी के कान में अपनी याचना सुनाकर स्वयं को मुक्त कर लेते हैं। एक भरोसा अपने अंदर पा जाते हैं, कि गर्भगृह में महादेव से तो कह ही आए हैं, मगर कहीं व्यस्तता के बीच हमारी याचना पर ध्यान न दे पाएँ, तो नंदी राजा उन्हें अवश्य स्मरण करा देंगे। नंदी राजा इसी कारण लोक के अधिक निकट होते हैं। आस्थावान भक्तगण अनेक प्रकार से नंदी की आराधना करते हैं, क्योंकि औढरदानी को स्मरण कराने वाले वे ही हैं। संभावना जहाँ सिमट जाएँ, वहाँ फिर से भरोसा जगा देने वाले नंदी राजा ही हैं।

नंदी राजा भी अपने आराध्य महादेव के भक्तों को खूब पहचानते हैं। वे अपने प्रति आस्था रखने वाले शिवभक्तों को निराश नहीं करते। इन दिनों जिन नंदी की बात चल रही है, उन्हीं से जुड़ा एक प्रसंग महाराष्ट्र में बहुत प्रचलित है। कहते हैं, कि संत ज्ञानदेव जनाबाई के साथ काशी आए थे। ‘पंडित से पंडित मिले भईं-भईं पूछै बात....’ वाले न्याय से काशी के पंडितों ने संत ज्ञानेश्वर से शास्त्रार्थ चालू किया, फिर परीक्षा लेने लगे.....। जरा विश्वनाथ जी के नंदी को चारा खिलाकर दिखाओ, तो जानें...। अभी तक तो बहुत सारी कहानियाँ फैला रखीं हैं। संत ज्ञानेश्वर चिंता में पड़ गए, अब आखिर क्या करें? वे तो संत हैं, जो बातें उनके बारे में चमत्कार की तरह प्रचलित-प्रचारित हैं, उन बातों को उन्होंने स्वयं तो नहीं फैलाया है। उनके आस्थावान अनुयायियों ने कहा, तो वे क्या करें..। अब यहाँ काशी के पंडित प्रत्यक्ष प्रमाण माँगने पर अड़े हुए हैं। संत ज्ञानेश्वर की चिंता गुरु निवृत्तिनाथ से छिपी नहीं थी। संत ज्ञानेश्वर कातर भाव से गुरु निवृत्तिनाथ की ओर देखते हैं, दो आँसू टपक पड़ते हैं। निवृत्तिनाथ कहते हैं, कि नंदी भूखा दिखता है, घास खिला दो...। लोग दौड़कर घास ले आते हैं, और यह क्या... संत ज्ञानेश्वर ने जैसे ही विनत् भाव से चारे का गट्ठर नंदी राजा के आगे किया, वे स्वयं ही मुँह उठाकर चारा खाने लगे। निवृत्तिनाथ, संत नामदेव, जनाबाई और अनेक भक्तों ने नंदी को चारा खिलाया।

यह कथा आज भी महाराष्ट्र से काशी आने वाले भक्तों को भक्ति के भाव में डुबो देती है। उन्हें आज भी नंदी राजा चारा खाने के लिए गरदन मोड़े हुए बैठे दिखाई देते हैं। ठीक वैसे ही, जैसे पंढरपुर में विठोबा कमर पर दोनों हाथ रखे हुए ईंट पर खड़े दिखाई देते हैं। पंढरपुर में महावैष्णव भक्तराज पुंडलीक अपने माता-पिता की सेवा में अनवरत् लगे रहते थे। ऐसे मातृ-पितृभक्त के दर्शन करने विष्णु के अवतार विट्ठल आते हैं। पुंडलीक से मिलने के लिए कहते हैं। पुंडलीक एक ईंट फेंककर उनसे कहते हैं, कि इसमें बैठकर प्रतीक्षा करें, वे माता-पिता का काम पूरा करके, सेवा-टहल करके मिलने आएँगे। विट्ठल उस ईंट पर खड़े होते हैं, कमर में हाथ रखकर... कुछ इस तरह से, कि मुझे कब तक प्रतीक्षा करनी होगी? भगवान अपने भक्त की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अद्भुत हैं पंढरीनाथ.., कब से अपने भक्त की प्रतीक्षा में खड़े हैं।

आस्था और विश्वास का जैसा संयोग पंढरपुर में है, वैसा ही तो काशी में है, काशी के अधिपति विश्वेश्वर महादेव के प्रिय भक्त नंदी के साथ जुड़ा है। संत ज्ञानेश्वर, संत नामदेव, माता जनाबाई आदि अनेक भक्तों-संतों-आस्थावानों के तीर्थक्षेत्र में आते रहने का विधान उसी आस्था व विश्वास की अनंत गाथा को दोहराता है। अनगिनत भक्त अपनी भावनाओं को सहेजकर काशी के बाबा के दर्शन को आते हैं, नंदी राजा के दर्शन को आते हैं..... और अपनी मनोकामनाओं को, अपनी चिंताओं को नंदी राजा के कान में बताकर इस भरोसे के साथ लौटते हैं, कि उनकी मनोकामनाएँ पूरी होंगी, उनके दुःख और चिंताएँ दूर होंगी। बाबा पर भरोसा जो है, वह कभी टूटता भी नहीं है, आस्था के भाव को सदैव दृढ़ करता जाता है।

बाबा विश्वनाथ के भक्त महंत पन्ना ने जब देखा, कि आक्रांताओं-आततायियों की नीयत उनके आराध्य विश्वेश्वर महादेव को अपवित्र करने की है, और तीर्थक्षेत्र भी सुरक्षित नहीं बचा है तब वे भी नंदी के कान में अपनी पीड़ा और अपनी मनोकामना कहकर विश्वेश्वर महादेव के विग्रह को लेकर, शिवलिंग को लेकर ज्ञानवापी में कूद जाते हैं। महंत पन्ना के मन में असीम विश्वास उसी लोक-आस्था का एक अंश दिखता है, जो औढरदानी अविनाशी शिव तक बात पहुँचाने वाले नंदी राजा से अपने भरोसे को जोड़ती है। काशी तीर्थक्षेत्र के परिसर में विश्वेश्वर महादेव के अनन्य भक्त नंदी राजा ने एक वह समय भी देखा, जब आस्थावान भक्तों की भीड़ उनसे अपने दुःख-दर्द कह जाती, अपनी मनोकामनाएँ कह जाती थी। बाद में वह समय भी देखा, जब आततायियों ने अपनी कुत्सित भावनाओं से, आक्रमण और आतंक से सबकुछ तहस-नहस कर डाला। विश्वेश्वर महादेव भक्त पन्ना के साथ ज्ञानवापी कुएँ में भले ही डूब गए हों, लेकिन नंदी राजा अविचल रहे। समय के साक्ष्यों को सहेजते हुए प्रतीक्षारत रहे। नंदी राजा तो सबकी सुनते रहे, महादेव तक सबकी बात पहुँचाते रहे, मगर नंदी की कौन सुने...। नंदी अपनी वेदना किससे कहें। यह प्रश्न समय की गति के साथ, काल के घूमते चक्र के साथ घूमता ही रहा... तिरता-उतराता ही रहा। कितनी पीढ़ियों ने प्रश्न के उत्तर खोजने के यत्न किए। कितने कुचक्र रचे गए, कितनी चालें चली गईं, कैसे ताने-बाने बुने गए... यह सब नियति ने देखा है। इतिहास ने स्वयं में यह सब समेटा है। ऐसी विकट विषमता के लंबे काल में न तो नंदी ने अपनी प्रतीक्षा छोड़ी, ओर न ही महाकाल के भक्तों ने अपनी आस्था व विश्वास को छोड़ा।

समय किस तरह करवट बदलता है, यह आज के समय में दिखाई दे रहा है। नंदी की वर्षों की साधना पूरी होती दिख रही है। नंदी की प्रतीक्षा पूरी हुई...., ऐसा चारों ओर सुनाई देने लगा है। शिवभक्तों की आस्था, उनका भरोसा दृढ़ हुआ है। औढरदानी विश्वेश्वर महादेव अपने भक्तों की प्रतीक्षा में पथराई आँखों में प्रसन्नता की चमक भर रहे हैं। शिव के प्रिय गण नंदी राजा भी अपनी प्रतीक्षा को पूरा होते देख रहे हैं। युगों-युगों से शिवभक्तों की याचनाओं को महादेव तक पहुँचाने वाले नंदी की याचना भी शिव ने सुनी है। इतने वर्षों में अनेक विषमताओं को देखने के लिए विवश नंदी राजा की आँखों से प्रसन्नता के अश्रु बरबस ही बह उठे हैं, ऐसा अनुभूत होता है। यह अनुभूति चितेरों की तूलिकाओं से भी उतरती है। सोशल मीडिया के अनेक पटलों पर घूमते चित्र यही तो बता रहे हैं।

नंदी शिव के भवन के द्वारपाल हैं, कैलास के द्वारपाल हैं। वे बल और शक्ति के प्रतीक भी हैं। वे कर्मठता और संपन्नता के प्रतीक भी हैं। नंदी लोक की आस्थाओं में रचे-बसे हैं। यह कोई आज की बात नहीं, यह कोई आज के भारत की बात नहीं...। दुनिया की अनेक सभ्यताओं में नंदी बसे हैं, समाए हैं। सिंधु घाटी की प्राचीनतम् सभ्यता के साथ ही बेबीलोन, सुमेरु और असीरिया की सभ्यताएँ नंदी के प्रति आस्था को व्यक्त करती हैं। नंदी सनातन की अविरल परंपरा के संवाहक हैं। नंदी केवल लोकजीवन में ही नहीं, धर्म और अध्यात्म की उच्चतम् स्थितियों में भी प्रतिष्ठित हैं। नंदी भारतीय जनजीवन की सुंदर झाँकी गढ़ते हैं। नंदी की प्रतीक्षा सनातन भारतीय जीवन की प्रतीक्षा है। नंदी का उद्घोष भारत की भारतीयता का उद्घोष है।

नंदी शिव के हैं, शिव की सवारी हैं। धेनुएँ, गउएँ कान्हा की हैं, ब्रजक्षेत्र जितना कान्हा की गउओं के रँभाने से सँवरता है, उतना ही नंदियों की हुँकार से गूँजता है। कान्हा के अधरों पर वंशी है, गीत है, संगीत है...। शिव के चरणों में भी तो लय है, ताल है, तांडव है। गीत-संगीत-नृत्य समानधर्मा हैं, लोक की चिंताओं का शमन करने वाले, लोक का रंजन करने वाले हैं। शिव और पार्वती लोकरंजक भी हैं, लोकरक्षक भी...। शिव-पार्वती के लिए लोकरक्षक राम की बाललीला आकर्षक होती है। राम लंका विजय के पहले शिव को पूजते हैं, रामेश्वरम् में...। कान्हा और राम एक ही तो हैं, और शिव इन दोनों से जुड़े हैं। लोक की आस्था, लोक का जीवन इन्हीं जुड़ावों के साथ संलग्न है, अभिन्न भी है। राम की अयोध्या नगरी में सरजू जी का जल यदि निर्मल होता है, तो काशी की गंगा और ब्रज की यमुना भी अपने निर्मल जल के आनंद में लोक को डुबो देना चाहती हैं। नंदी तो लोक की बात कहने वाले हैं, लोक के उद्धारक आशुतोष से..., हर महेश्वर रुद्र से.... सत्य और सुंदर को सहेजने वाले शिव से...। नंदी की प्रतीक्षा लोक के हितार्थ गरल का पान कर लेने वाले हर महेश्वर रुद्र, नीलकंठ महादेव के पुनः लोकहितार्थ जागृत होने के लिए है, भक्तों और आस्थावानों की आशाओं-कामनाओं-याचनाओं की पूर्ति के लिए है, और यह सब नंदी की प्रतीक्षा की पूर्णता के साथ सहज सुलभ दिखता है।

-राहुल मिश्र

(राष्ट्रधर्म, लखनऊ, आषाढ़-सावन ,2079, जुलाई-2022 के अंक में प्रकाशित)





Saturday, 6 May 2023

पिघलती हिमानियाँ, दरकता हिमालय...

 


पिघलती हिमानियाँ, दरकता हिमालय...

हिमालय, यानि हिम का आलय....। हिम का, बर्फ का घर हिमालय अपनी उज्ज्वल-धवल आभा के साथ भारतमाता के मुकुट के रूप में सुशोभित होता है। हिमालय का अस्तित्व ही हिम के कारण है, तभी हिमालय है। भारत की उत्तरी सीमा में स्वाभाविक रक्षा-कवच बनाता हिमालय वर्ष पर्यंत अपनी हिमानियों से, हिमनदों से, ग्लेशियरों से आच्छादित रहता है, बर्फ से चमकता रहता है। ये हिमानियाँ न केवल हिमालय के लिए महत्त्वपूर्ण हैं, वरन् भारत सहित अन्य एशियाई देशों के लिए जीवनधारा हैं।

भारत के मैदानी क्षेत्रों को सींचने वाली, जल की आपूर्ति देने वाली नदियाँ हिमालय के हिमनदों (हिमानियों) के कारण ही जीवन पाती हैं, जल से भरी रहती हैं। हिमालय की नदियाँ हमेशा किलोल करती हुई जलराशि को प्रवाहित करती रहती हैं। गंगा, सतलुज, रावी, ब्रह्मपुत्र, सिंधु आदि नदियों-नदों को जीवन देने वाले हिमनद ही हैं। कल्पना करें, कि इन नद-नदियों में जल का स्तर गिरता जाए, और एक दिन ये सूख जाएँ, तो क्या होगा? यह यक्ष-प्रश्न अपनी विकरालता के साथ आज केवल कल्पना में है, लेकिन जिस प्रकार की संभावनाएँ वैज्ञानिक अध्ययनों के बाद सामने आ रहीं हैं, वे इस यक्ष-प्रश्न को कल्पना की परिधि में बंद रह जाने की बात नहीं कर रहीं, वरन् सामने ही आ जाने वाली दिखाई देती हैं।

विगत वर्ष अप्रैल माह में ही भारत की संसद में पृथ्वी विज्ञान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया था, कि समूचे हिमालयी परिक्षेत्र में हिमानियों के पिघलने का क्रम अनवरत जारी है। प्रतिवर्ष औसतन 9 से 12 मीटर तक हिमनद पिघल रहे हैं। हिमनदों में मौसम के अनुसार पिघलने और हिम एकत्रित करने का क्रम चलता रहता है, लेकिन हिमनदों के बड़ी मात्रा में पिघलने का क्रम अच्छे संकेत नहीं देता है।

हिमालय के पारिस्थितिकी तंत्र, पर्यावरण, जलवायु असंतुलन, जलवायु परिवर्तन और ऐसे ही विविध क्षेत्रों में अध्ययन हेतु भारत सरकार की विभिन्न संस्थाएँ कार्य करती हैं। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, वाडिया हिमालयी भूविज्ञान संस्थान, राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं समुद्री अनुसंधान केंद्र, राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान, अंतरिक्ष उपयोग केंद्र, भारतीय विज्ञान संस्थान के साथ ही काश्मीर विश्वविद्यालय और सिक्किम विश्वविद्यालय समेत हिमालयी परिक्षेत्र में स्थित विभिन्न विश्वविद्यालयों के पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन के अध्ययन से संबद्ध विभागों के द्वारा हिमालय के पारिस्थितिकी तंत्र और जलवायु परिवर्तन पर व्यापक अध्ययन किए जाते रहे हैं। भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और साथ ही पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के प्रयासों से समग्र हिमालयी परिक्षेत्र के अध्ययन को व्यापक आयाम दिया गया है। भारत सरकार की जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशीलता ही है, कि पर्यावरण और वन मंत्रालय में जलवायु परिवर्तन को भी जोड़ा गया है।

राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान पूरे हिमालय में कैचमेंट और बेसिन के स्तर पर हिमनदों के पिघलने से कम होने वाली बर्फ के मूल्यांकन और अध्ययन के लिए सतत सक्रिय है। इसी तरह उत्तराखंड और लद्दाख के विभिन्न क्षेत्रों में हिमनदों की स्थिति के अध्ययन हेतु अलग-अलग संस्थाएँ व विभिन्न वैज्ञानिक शोध कार्यों में लगे हुए हैं। भले ही इनके अध्ययन का क्षेत्र हिमानियों के पिघलने से जुड़ा हुआ हो, लेकिन इन अध्ययनों के साथ अनेक चौंकाने वाले आँकड़े भी सामने आ रहे हैं।

देहरादून स्थित वाडिया हिमालयी भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. राकेश भाम्बरी ने गंगोत्री हिमानी के गिरते स्तर का अध्ययन किया है। इस अध्ययन के हवाले से ही वाडिया हिमालयी भूविज्ञान संस्थान द्वारा जारी की गई रिपोर्ट चौंका देने वाली है। गंगोत्री का ग्लेशियर सन् 1935 से लेकर सन् 2022 तक लगभग 88 वर्षों के अंतराल में 1700 मीटर मुहाने में पिघल चुका है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है, कि वर्ष 1996 तक प्रतिवर्ष लगभग 20 मीटर और उसके बाद के वर्षों में प्रतिवर्ष लगभग 38 मीटर की गति से गंगोत्री हिमनद का मुहाना पिघलता है। इस तरह लगभग 88 वर्षों में 1.75 किलोमीटर गंगोत्री हिमनद पिघल चुका है। गंगोत्री हिमनद की लंबाई लगभग 30 किलोमीटर थी, जो क्रमशः कम होती जा रही है।

हिमालय भारत का ही नहीं, विश्व का सबसे बड़ा ऐसा क्षेत्र है, जिसमें सर्वाधिक संख्या में हिमनद हैं। अर्थात् हिमालय विश्व के समग्र हिमक्षेत्र का बड़ा हिस्सा है। हिमालय के पास बर्फ प्रचुर मात्रा में है। अंटार्कटिका और आर्कटिक के बाद हिमालय विश्व में हिम का तीसरा बड़ा क्षेत्र है। इसी कारण हिमालय को प्रायः तीसरा ध्रुव भी कहा जाता है। एशिया में हिमालय सर्वाधिक जलसिंचित क्षेत्र निर्मित करता है। भारतीय क्षेत्र में आने वाले हिमालय में लगभग 9580 हिमानियाँ हैं। यदि उत्तराखंड के क्षेत्र को देखें, तो यहाँ लगभग 970 छोटी-बड़ी हिमानियाँ हैं। पूर्वोत्तर के हिमालय में भी हिमानियों की कम संख्या नहीं है। लद्दाख और सियाचिन का क्षेत्र हिमानियों से भरा है। सियाचिन हिमनद अपनी विशिष्ट राजनीतिक-सीमाक्षेत्रीय स्थिति के कारण विश्व में चर्चित रहता है, साथ ही वर्ष-पर्यंत सुर्खियों में भी रहता है। समूचे हिमालयी परिक्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में हिमनद हैं, जिन पर अपने अस्तित्व के सिमट जाने का संकट है।

हाल ही में संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी चेतावनी दी है, कि धरती के 10 प्रतिशत हिस्से में हिमनद हैं, और ये सभी ग्लोबल वार्मिंग के कारण तेजी से पिघल रहे हैं। अंटार्कटिका में प्रतिवर्ष 1500 करोड़ टन बर्फ पिघल जाती है। ग्रीनलैंड में प्रतिवर्ष 2700 करोड़ टन बर्फ पिघल रही है। हिमालय में भी यही स्थिति है, जिस कारण वर्ष 2050 तक 170 से 200 करोड़ नागरिकों को पानी मिलना बहुत कम हो जाएगा। सिंधु, गंगा और ब्रह्मपुत्र का जल स्तर बहुत कम हो जाएगा। चिंता की बात यह भी है, कि यदि तेजी के साथ ग्लेशियर पिघलते हैं, तो चीन और पाकिस्तान में बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा।

भारत के विभिन्न अध्ययन केंद्रों, संस्थानों और वैज्ञानिकों के अध्ययन से प्राप्त जानकारी के साथ ही संयुक्त राष्ट्र संघ की चिंता पिघलती हिमानियों के संदर्भ में आँखें खोल देने वाली है। ऐसी स्थिति के पीछे बड़ा कारक ग्लोबल वार्मिंग को माना जाता है। इसके अलावा कुछ ऐसे भी पक्ष हैं, जिनकी अनदेखी नहीं की जा सकती है। वैश्विक स्तर पर बात करने की यहाँ आवश्यकता और प्रासंगिकता नहीं दिखती है। हिमालयी परिक्षेत्र में इस स्थिति की भयावहता का अनुमान लगाते हुए कारणों पर चर्चा करना यहाँ प्रासंगिक होगा।

इसमें पहला कारण हिमालयी परिक्षेत्र में बढ़ती अंधाधुंध आधुनिकता और भौतिकता है। उत्तराखंड के जोशी मठ का हाल हमारे सामने है। पुराने समय में ऐसी मान्यता थी, कि हिमालय का बदरी-केदार क्षेत्र धर्म-अध्यात्म में संलग्न होकर, और सांसारिकता से मुक्त होकर एकांतिक साधना के लिए है। यहाँ जाने वाले तीर्थयात्री प्रायः अपने घर से अंतिम विदा ही लेकर जाते थे, पता नहीं ही लौट कर आ सकें या नहीं...। समय और स्थितियों ने संसाधनों की वृद्धि की...। आज इन क्षेत्रों में पहुँचना बहुत सुगम हुआ है। सामयिक आवश्यकता के अनुरूप यह किया जाना कुछ सीमा तक उचित लगता है, लेकिन इन स्थानों में पहुँचने वाले लोगों ने अपना कार्य और व्यवहार से ऐसा सिद्ध कर दिया है, कि उनके लिए ये क्षेत्र साधना-तपश्चर्या के लिए नहीं, वरन् मौज-मस्ती, पर्यटन और सैर-सपाटा के लिए हैं। इसी कारण इन क्षेत्रों में प्रदूषण बढ़ा है, प्लास्टिक सहित अनेक प्रकार का कचरा बढ़ा है, सुख देने वाले संसाधनों के कारण पर्यावरण पर संतुलन बनाने का दबाव बढ़ा है।

लोगों की मानसिकता को भाँपते हुए व्यावसायिक गतिविधियाँ भी तेज हुई हैं। बड़ी कंपनियों और होटल उद्योगों ने इन क्षेत्रों को मनोरंजन के लिए अनुकूल बना दिया है। भले ही लोग धार्मिक आस्था से स्वयं को विलग नहीं करते, लेकिन इस क्षेत्र की मर्यादा को भी वे समझ नहीं पाते। ये साधना की भूमि शरीर को सुख देकर पाई जाने वाली नहीं है।

दूसरी ओर देखें, तो चीन ने कैलास मनसरोवर को पर्यटन और मौज-मस्ती का ठिकाना बना दिया है। तिब्बत को साधना की भूमि के रूप में जाना जाता है, लेकिन वहाँ भी बहुत तेजी के साथ आधुनिकीकरण हुआ है। भारतीय सीमा तक पहुँच चुके चीन की गतिविधियों का यदि सामरिक और भारतीय सीमंतप्रदेशीय स्थितियों के संदर्भ में आकलन किया जाए, तो उसमें यह एक बड़ा पक्ष यह भी है, कि चीन के द्वारा कब्जे में ली गई लगभग डेढ़ लाख वर्ग किलोमीटर भारतीय भूमि में चीन की सैन्य गतिविधियों और विभिन्न निर्माण-कार्यों, सैन्य सामग्रियों और वाहनों आदि के कारण पैदा किए गए प्रदूषण के साथ ही घुसपैठ व अन्य सैन्य कार्यवाहियों के कारण बड़े पैमाने में पर्यावरणीय असंतुलन पैदा हुआ है। हाल ही में गालवान के संघर्ष के कारण हिमालय के पारिस्थितिकी तंत्र में विपरीत प्रभाव पड़ा होगा, इस बात को स्वीकार करना ही होगा।

भारत की नीति सीमांतक्षेत्र में सदैव रक्षात्मक रही है। हम विस्तारवादी कभी नहीं रहे। केवल अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए ही हमारी सेनाएँ सैन्य कार्यवाहियाँ करती रहीं हैं। लेकिन सैन्य कार्यवाहियों के लिए उकसाने, सीमावर्ती क्षेत्र में अशांति और अस्थिता उत्पन्न करने, विस्तारवादी नीति के तहत सीमाओं का अतिक्रमण करते हुए शांति को अशांति में बदलने का प्रयास हमारे पड़ोसी देशों के द्वारा होता रहा है, वर्तमान में भी इसे देखा जा सकता है। ऐसी दशा में भारत की उत्तरी सीमा, हिमालय के प्रशांत क्षेत्र, हिमानियाँ, कलकल करती नदियाँ, सुंदर-सुरम्य वादियाँ आतंक और अस्थिरता के साथ ही पर्यावरण के विकृत हो जाने की समस्या से ग्रस्त हो जाती हैं। यदि भारत की उत्तरी सीमा में शांति हो जाए, तो सैन्य गतिविधियों के कारण होने वाले प्रदूषण से हिमालयी परिक्षेत्र बच सकता है। पिघलती हिमानियों को पिघलने से रोका जा सकता है।

तीसरा बड़ा कारण हिमालय में पर्यटन और अंधाधुंध विकास के साथ आने वाला प्रदूषण और पारिस्थितिकी अंतुलन का है। उत्तराखंड. हिमाचलप्रदेश, लद्दाख और जम्मू-काश्मीर तक ऊपरी हिमालयी क्षेत्र के साथ ही निचले हिमालयी क्षेत्र में अंधाधुंध विकास की उस तस्वीर को देख सकते हैं, जो रहन-सहन के स्तर पर भले ही अच्छे आँकड़े दिखा दे, लेकिन हिमालय के स्वास्थ्य के लिए किसी भी तरह से अच्छी नहीं है। सीमेंट-कंक्रीट के बने बहुमंजिला भवन, पेट्रोल-डीजल चालित गाड़ियों की बढ़ती संख्या, आधुनिकता के साथ ही सुखभोगी विविध संसाधनों की अधिकता का असर पर्यावरण के विभिन्न कारकों को प्रभावित करता है। पर्यटन के साथ आने वाली विकृतियाँ भी कमोबेश ऐसी ही होती हैं। इन सबका प्रभाव समग्र हिमालयी परिक्षेत्र में देखा जा सकता है।

वैश्विक स्तर पर बढ़ते ऊष्मीकरण (ग्लोबल वार्मिंग) की समस्या भले ही हिमानियों के पिघलने का बड़ा कारण हो, लेकिन सीमा पर असुरक्षा-अस्थिरता, बढ़ती आधुनिकता-भौतिकता, आधुनिक भौतिकतापूर्ण-सुविधाभोगी जीवन-पद्धति, पर्यटन और आधुनिक संसाधनों की वृद्धि जैसे कारकों से दरकते हिमालय को भी देखना चाहिए। हिमानियाँ और हिमालय एक-दूसरे के पूरक हैं। इनका सह-अस्तित्व ही भारत के लिए, एशिया के लिए, और साथ ही विश्व के लिए सुखद है, जीवनीय है, और सुंदर भी है। हिमानियों-हिमनदों से रिक्त हिमालय की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

(सीमा संघोष, नई दिल्ली के अप्रैल, 2023 अंक में प्रकाशित)