Showing posts with label संस्कृति. Show all posts
Showing posts with label संस्कृति. Show all posts

Thursday 2 May 2024

हिमगिरि में गुरु रिनपोछे की तंत्र-साधनाएँ और चमत्कार




 

हिमगिरि में गुरु रिनपोछे की तंत्र-साधनाएँ और चमत्कार

‘शिङ्तोग फतिङ्-कुशु, लोपोन पद्मे जिनलब...…’ (खूबानी और सेब गुरु पद्मसंभव के प्रसाद हैं।)

गिलगित बाल्टिस्थान में प्रवाहमान शिगर नदी के तटवर्ती क्षेत्र में पैदा होने वाले सेब और खूबानियाँ बहुत अच्छी प्रजाति की होती हैं। इनका स्वाद बहुत अच्छा होता है। शिगर घाटी गिलगित-बल्टिस्थान में स्थित ऐसी महत्त्वपूर्ण नदी घाटी है, जो काराकोरम पर्वतीय शृंखला के मुख्यद्वार के साथ ही सिंधु की सहायक नदी शिगर द्वारा द्वारा सिंचित है। शिगर घाटी अपनी ऐतिहासिकता के साथ ही मध्य एशिया के विभिन्न स्थानों को जोड़ने वाले एक प्रमुख स्थान के रूप में अपना महत्त्व रखती थी। अविभाजित भारत में यह स्करदो संभाग के अंतर्गत आती थी। स्करदो लद्दाख की शीतकालीन राजधानी हुआ करती थी। शिगर घाटी तिब्बती मूल के बल्टी निवासियों का प्रमुख स्थान थी। इन कारणों से गुरु पद्मसंभव का वहाँ पर जाना और एक प्रकार से धार्मिक क्रांति के रूप में वहाँ के लोगों को अपनी साधना और अपने चमत्कार के माध्यम से प्रभावित करना स्पष्ट होता है। लोकगीतों में आने वाले प्रसंग इस तथ्य को प्रमाणित करते हैं। गुरु पद्मसंभव की साधना-पद्धति पर आस्थावान जनसमूह ने उनको अपने लोकगीतों में बड़ी श्रद्धा के साथ गाया है।

समूचे हिमालयी परिक्षेत्र में; हिमाचल प्रदेश, लाहुल-स्पीति, तिब्बत, लद्दाख और गिलगित बल्टिस्थान से लगाकर जांस्कर घाटी तक का संपूर्ण पश्चिमोत्तर हिमालयी भूक्षेत्र गुरु पद्मसंभव की साधना का यशः-गान गाता है। उन्हें गुरु पद्मसंभव, आचार्य पद्मसंभव और गुरु रिनपोछे के साथ ही द्वितीय बुद्ध के रूप में पूजा जाता है। उनके व्यक्तित्व की विराटता और महायान परंपरा के विस्तार हेतु तंत्र-साधना के साथ ही वज्रयान के प्रचार-प्रसार हेतु किए गए कार्यों के कारण उनके प्रति आस्थावान लोगों की कमी नहीं है। आचार्य पद्मसंभव ने अपनी तिब्बत की यात्रा के समय वहाँ पर वज्रयान परंपरा की न केवल स्थापना की, वरन् अनेक लोगों को दीक्षित करके धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी दी।

गुरु पद्मसंभव का अवतरण और उनका जीवन अनेक रहस्यों और चमत्कारों से भरा हुआ है। कहा जाता है, कि उनका जन्म उपपादुक योनि (स्वयंभू, दैवयोनि) में हुआ था। उनके जन्म की बहुत रोचक कथा है। उड्डियान के राजा इंद्रभूति निःसंतान थे, और अपनी निःसंतानता दूर करने के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व दान कर दिया। इसके बाद वे चिंतामणि प्राप्त करने हेतु समुद्री यात्रा पर निकल पड़े। चिंतामणि लेकर लौटते समय उड्डियान के निकट एक द्वीप पर विश्राम कर रहे थे, तभी उनके सेवक ने आकर बताया, कि समीप के एक सरोवर के बीच में खिले एक पद्मपुष्प के ऊपर एक आठ वर्षीय बालक विराजमान है। राजा इंद्रभूति ने उस बालक को स्वयं जाकर देखा और बालक से उसके माता-पिता आदि के बारे में पूछा। बालक ने बताया, कि उसके पिता विद्याज्ञान और माता सुखशून्य समंतभद्रा हैं। उसका देश अनुत्पन्न धर्मधातु है और गोत्र विद्याधातु है। बालक ने बताया, कि वह यहाँ पर क्लेशों के विनाश करने की चर्या का अभ्यास कर रहा है। राजा के मन में उस बालक के प्रति असीम श्रद्धा उत्पन्न हुई और भावुक होकर उनकी आँखों से आँसू बह निकले। पहले राजा इंद्रबोधि की दाहिनी आँख की ज्योति नहीं थी, लेकिन इस अवस्था में उनके नेत्रों से बहते आँसुओं के फलस्वरूप उनकी नेत्र-ज्योति लौट आई। इस चमत्कार को जानकर राजा इंद्रबोधि समस्त मंत्रीगणों और प्रजाजनों के साथ श्रद्धावनत हो गए। निःसंतान राजा इंद्रबोधि ने उसी समय घोषणा की, कि वे बालक को अपने पुत्र के रूप में अपनाएँगे। बालक को राजमहल लाकर सुंदर वस्त्र पहनाए गए। पद्मपुष्प में विराजमान होने के कारण बालक को पद्मसंभव नाम दिया गया।

आस्थावान राजा इंद्रबोधि ने पद्मसंभव को राजसिंहासन पर बैठाया। उनके राजसिंहासन पर बैठते ही उड्डियान राज्य का अकाल जाता रहा, राज्य धन-धान्य से संपन्न होने लगा। राज्य के कुछ प्रभावशाली मंत्रियों को पद्मसंभव का राजकुमार के रूप में रहना खटकने लगा। वे पद्मसंभव को राज्य से निष्कासित कराने के बहाने खोजने लगे। कुछ ऐसा दुर्योग हुआ, कि पद्मसंभव के त्रिशूल से एक मंत्री के पुत्र की मृत्यु हो गई। इस घटना को माध्यम बनाकर राजा के ऊपर ऐसा दबाव बनाया गया, कि उन्हें पद्मसंभव को देश निकाला देना पड़ा। गुरु पद्मसंभव ने भारत के विभिन्न प्रमुख स्थानों में जाकर तंत्रसाधना का अभ्यास किया। इसके बाद वे उस सरोवर में भी साधनारत रहे, जहाँ उन्होंने अवतार लिया था। उनकी गहन साधना से प्रसन्न होकर वज्रवाराही ने प्रत्यक्ष दर्शन दिया, और उन्हें अनेक तांत्रिक शक्तियों-सिद्धियों से संपन्न किया। उनकी गहन साधना और फिर तांत्रिक शक्तियों से संपन्न होने पर हिमालयी परिक्षेत्र में ही नहीं, वरन् संपूर्ण आर्यावर्त में उनकी ख्याति महायान और वज्रयान के पारंगत विद्वान एवं महान साधक के रूप में हुई। कहा जाता है, कि उन्होंने बोधगया और फिर मलय पर्वत के सिद्धक्षेत्रों में पहुँचकर योगतंत्र और महामुद्रा आदि की शिक्षा ली।

गुरु पद्मसंभव से पहले तिब्बत में आचार्य शांतिरक्षित पहुँचे थे। उनके द्वारा महायान साधना-पद्धति में लोगों को दीक्षित किए जाने के कार्य किए गए, लेकिन वहाँ अनेक बाधक शक्तियाँ भी थीं, जिनको धर्म से जोड़ने के लिए रौद्र और चमत्कारिक प्रभाव दिखाना आवश्यक था। गुरु पद्मसंभव का तिब्बत पहुँचना इस संदर्भ में बहुत महत्त्वपूर्ण रहा। ऐसा कहा जाता है, कि यदि गुरु पद्मसंभव तिब्बत नहीं पहुँचते, तो वहाँ सद्धर्म का विकास नहीं हो पाता। आचार्य शांतिरक्षित के द्वारा बताए जाने पर तिब्बत के राजा और मंत्रियों ने गुरु पद्मसंभव से तिब्बत चलकर विधर्मी शक्तियों को पराजित करने और धर्म का शासन स्थापित करने हेतु निवेदन किया। राजा ठ्रिसोङ देचेन के निवेदन पर गुरु पद्मसंभव ने तिब्बत में धर्मशासन स्थापित किया और अपनी तंत्र-सिद्धि के माध्यम से विधर्मी शक्तियों को पराजित किया।

तिब्बत के अतिरिक्त गुरु पद्मसंभव ने उड्डियान, धनकोष, रुक्म, अपर-चामरद्वीप आदि देशों में भी धर्म का शासन स्थापित किया, और इन देशों की जनता को विधर्मी शक्तियों से मुक्त कराया। तिब्बत के अतिरिक्त अन्य देशों में गुरु पद्मसंभव के चमत्कारों और उनके सिद्धि-बल द्वारा किए गए कार्यों के लिखित या लोक-प्रचलित साक्ष्य नहीं मिलते हैं। तिब्बत में गुरु पद्मसंभव के ऋद्धि-सिद्धि बल के प्रति आस्थावान लोगों की कमी नहीं है। गुरु पद्मसंभव के आठ रूप या उनके व्यक्तित्व के आठ अंग प्रायः माने जाते हैं। इनमें से गुरु दोर्जे डोलोद (वज्रक्रोध) के रूप में वे तिब्बत में प्रतिष्ठित हुए। अन्य सात रूपों में धनकोष सरोवर में अवतार लेने वाले, तिब्बत में अंधविश्वासों को दूर करने वाले, आनंद से प्रव्रज्या ग्रहण करने वाले, उड्डियान में राजा इंद्रबोधि के आमंत्रण पर राजशासन चलाने वाले, अबौद्धों द्वारा ईर्ष्यावश विष दिए जाने पर उसे अमृत करके पी जाने वाले और महायोग तंत्र की साधना करके योग मंडलीय देवताओं का साक्षात् दर्शन करने वाले हैं। ये सभी विग्रह और रूप भारतदेश के विभिन्न स्थानों में स्थापित रहे, जो संप्रति हिमालयी परिक्षेत्र में ही प्राप्त हैं, और पूजे जाते हैं।

गुरु पद्मसंभव के साथ जहोर राज्य की कथा भी जुड़ी हुई है। ऐसा कहा जाता है, कि जहोर राज्य में राजा अर्षधर के शासनकाल में गुरु पद्मसंभव का जाना हुआ। राजा अर्षधर की पुत्री मंदारवा (मंधर्वा गंधर्वपुष्पा) अपनी सोलह वर्ष की श्रीआयु में समस्त साधना-चिन्हों, एवं लक्षणों से युक्त थी। गुरु पद्मसंभव ने राजकुमारी मंदारवा को अपनी आध्यात्मिक साधना एवं तंत्र सिद्धि के लिए मुद्रा (स्त्री-शक्ति) के रूप में सहचारिणी बनाया। वे दोनों पोतलक पर्वत में स्थित एक दिव्य गुफा में अमिताभ की उपासना के लिए गए। वहाँ हठयोग की साधना करते हुए उन्हें अमिताभ के दर्शन मिले। अमिताभ ने स्वयं उनके सिर पर अमृत कलश रखकर उनको वज्रशक्ति से संपन्न किया। अमिताभ ने गुरु पद्मसंभव को हेवज्र और उनकी शक्ति मंदारवा को वज्रवाराही के रूप में अधिष्ठित किया। इस प्रकार तंत्र-साधन में निष्णात् गुरु पद्मसंभव वज्रगुरु के रूप में भी प्रतिष्ठित हुए।

महायान परंपरा में चार संप्रदाय हैं- निङ्मा, साक्य, कार्ग्युद और गेलुग। इसमें निङ्मा संप्रदाय को सबसे पुराना माना जाता है। निङ्मा संप्रदाय में गुरु पद्मसंभव को विशेष स्थान प्राप्त है। निङ्मा संप्रदाय के मठों में गुरु पद्मसंभव की मूर्ति रौद्र रूप में प्रतिष्ठित होती है। इस संप्रदाय के दीक्षित भक्तजनों के द्वारा गुरु पद्मसंभव को गुरु रिनपोछे का नाम दिया गया है। गुरु रिनपोछे के रूप में आचार्य पद्मसंभव की प्रतिष्ठा लद्दाख में भी है।

गुरु पद्मसंभव तिब्बत से लद्दाख आए, और गिलगित-बल्टिस्थान तक अपने धर्मप्रचार को बढ़ाया। ऐसा कहा जाता है, कि लेह के निमो गाँव के निकट एक ऊँची पहाड़ी पर एक राक्षसी रहती थी, जिसने गुरु पद्मसंभव का पीछा कर लिया। गुरु पद्मसंभव एक चट्टान के पीछे छिप गए। जब वह राक्षसी आगे निकल गई, तो गुरु पद्मसंभव ने उसे पकड़ लिया और समीप की एक पहाड़ी पर उसे हमेशा रहने के लिए कहा। कहा जाता है, कि रात के समय आज भी वहाँ से रोने की आवाजें आती हैं। जिस चट्टान के पीछे गुरु पद्मसंभव छिपे थे, उस चट्टान पर गुरु पद्मसंभव की छाप अंकित हो गई। इस पवित्र चट्टान की पूजा बड़े विधान के साथ की जाती रही है। वर्तमान में यह गुरुद्वारा पत्थर साहिब के रूप में जानी जाती है। यह लेह-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेह से लगभग 40 किमी दूर स्थित है। ऐसा माना जाता है, कि यही घटना गुरु नानक के साथ हुई थी, जब वे अपनी एक यात्रा में आए हुए थे। गुरु नानक से जुड़ा गुरुद्वारा दातून साहिब लेह के मुख्य बाजार में स्थित है।

गुरुद्वारा पत्थर साहिब को निङ्मा संप्रदाय के आस्थावान जनों के साथ ही सिख धर्मानुयायी भी पूजते हैं। इस कारण इस गुरुद्वारा के साथ गुरु पद्मसंभव को लामा गुरु नाम मिला है। इन्हें नानक लामा भी कहा जाता है। यह पवित्र स्थल गुरु नानक और गुरु पद्मसंभव के साथ जुड़ा होने के कारण अद्भुत और अनूठा है। गुरु नानक भी अपनी उदासियों के माध्यम से देश-दुनिया के विभिन्न स्थानों की यात्रा करते हुए लोगों को सीख देते रहे, धर्म में प्रवृत्त करते रहे। इसी प्रकार गुरु पद्मसंभव ने भी अनेक स्थानों की यात्राएँ करके धर्मशासन स्थापित किया। आस्थावान लोगों के लिए इसी कारण दोनों गुरुओं के प्रति भक्ति का भाव देखा जा सकता है। एक अन्य रुचिकर प्रसंग यहाँ जोड़ देना समीचीन होगा, कि यह परंपरा लद्दाख से नीचे उतरकर अमृतसर में भी दिखाई दिया करती थी। नानक लामा या लामा गुरु के प्रति आस्थावान भक्तजन अपनी तीर्थयात्राओं में गुरुद्वारा श्री स्वर्ण मंदिर को भी जोड़कर रखते थे, और बड़ी आस्था के साथ स्वर्ण मंदिर के सरोवर में स्नान किया करते थे।

गुरु पद्मसंभव द्वारा जांस्कर घाटी में स्थित कनिका स्तूप के निकट सानी नामक महाश्मशान में अपना चमत्कार दिखाया गया था। इस स्थान पर उन्होंने जटिल तंत्र-साधना की थी। ऐसा माना जाता है, कि गुरु पद्मसंभव ने अपनी आठ लीलाओं में से एक- गुरु नीमा ओदसेर को सानी में दिखाया था। भोटी भाषा में नीमा सूर्य को कहा जाता है, और ओदसेर प्रकाश को कहा जाता है। इस प्रकार उनकी यह लीला सूर्य का प्रकाश बिखेरने के संदर्भ के साथ देखी जा सकती है। अधर्म के अंधकार का शमन करके निज धर्म का प्रकाश उनके द्वारा किया गया। सम्राट कनिष्क के द्वारा स्थापित स्तूप, जिसे कनिका स्तूप के रूप में जाना जाता है, यह सिद्ध करता है, कि इस क्षेत्र में सम्राट कनिष्क का शासन था। इसके निकट सानी नामक महाश्मशान में गुरु पद्मसंभव ने साधना करके दैत्यों, दानवों का दमन किया और डाकिनियों को धर्मोपदेश दिया। इसके बाद ही उनका गुह्य नाम खसपा लोदन पड़ा। यहाँ पर गुरु पद्मसंभव के पदचिन्ह अंकित हैं। उन्होंने दुष्ट आत्माओं का शमन करके धर्म के प्रकाश का विस्तार करने हेतु चारों दिशाओं में अपने चरण बढ़ाए, फलस्वरूप उनके पदचिन्ह चारों दिशाओं में अंकित हैं।

समग्रतः, लद्दाख अंचल के साथ ही लगभग पूरे हिमालयी परिक्षेत्र में गुरु पद्मसंभव के विभिन्न चमत्कारों, साधनाओं, सिद्धियों और धर्म स्थापनाओं के चिन्ह मिलते हैं। विभिन्न धर्मगुरुओं, यथा- आचार्य शांतिरक्षित, आचार्य दिग्नाग, आचार्य दीपांकर श्रीज्ञान अतिशा, आचार्य वसुबंधु आदि विभिन्न महायान परंपरा के आचार्यों द्वारा प्रणीत ग्रंथों के माध्यम से जहाँ एक ओर हिमालयी परिक्षेत्र में महायान बौद्ध परंपरा का विकास हुआ, वहीं दूसरी ओर गुरु पद्मसंभव की योग-साधनाएँ, तांत्रिक-क्रियाएँ, वज्रयानी अनुष्ठान और चमत्कारिक क्रियाएँ बहुत प्रभावी होकर महायान परंपरा का विकास करती हैं। गुरु पद्मसंभव का विराट व्यक्तित्व अलग-अलग रूपों में परिलक्षित होता है। गुरु पद्मसंभव इसी कारण द्वितीय बुद्ध के रूप में भी प्रतिष्ठित हैं।  सामान्य जनों के लिए, आस्थावान धर्मभीरुओं के लिए वे शांत रूप में प्रतिष्ठित हैं, तो अन्य के लिए उनका रौद्र रूप विधिवत् वज्र और त्रिशूल धारण किए हुए प्रतिष्ठित होता है। हिमालयी परिक्षेत्र में गुरु रिनपोछे के सिद्ध मंत्र की गूँज आज भी गुंजायमान होती है।

-राहुल मिश्र


(त्रिकुटा संकल्प, जम्मू के श्रावण, 2080, अगस्त-2023 के अंक में प्रकाशित)

अमृत महोत्सव से अमृत काल की यात्रा...

 अमृत महोत्सव से अमृत काल की यात्रा...

वैसे तो प्रत्येक भारतवासी के लिए, भारवंशियों के लिए स्वतंत्रता दिवस असीमित गर्व और उल्लास का दिन होता है, फिर भी वर्ष 2023 का स्वतंत्रता दिवस अनेक अर्थों में अपना विशेष महत्त्व रखता है। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण में इसे न केवल देखा जा सकता है, वरन् अनुभूत भी किया जा सकता है। हमने दो वर्ष पूर्व अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण किए थे। इस अवसर पर भारत के माननीय प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत महोत्सव की घोषणा की थी। स्वतंत्रता का यह अमृत महोत्सव वर्ष पर्यंत चलना था, अर्थात् 15 अगस्त, 2022 को अमृत महोत्सव को पूर्ण होना था। लेकिन भारतीयों के अतुलनीय उत्साह और देशभक्ति के भाव ने यह संदेश दिया, कि इस महोत्सव को एक वर्ष की सीमा से आगे बढ़ाकर ले जाना चाहिए।

कहना न होगा कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में देश भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारत अमृत महोत्सव में आसेतु हिमालय ऐसा उत्साह जन-जन में दिखा, जिसको शब्दों के माध्यम से बाँधकर व्यक्त कर पाना कठिन है। यह भावना का विषय था, यह देश के प्रति अपने भावों को अभिव्यक्त करने का संदर्भ था, यह स्वातंत्र्य समर में अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले अनेकानेक भारतीयों की स्मृतियों को सँजोने और साझा करने का उपक्रम था। भारत अमृत महोत्सव के वर्ष-पर्यंत चलने वाले कार्यक्रमों का एक बड़ा अंग उन हुतात्माओं को स्मरण करने से संबंधित था, जिन्हें इतिहास की पुस्तकों में स्थान नहीं मिला, जो अज्ञात रह गए, अचर्चित रह गए। हमने देश के उन स्थानों को भी जाना, जहाँ हमारे अनेक क्रांतिवीरों ने अपने शौर्य और पराक्रम की गाथाएँ रचीं। इतिहास के उन पन्नों को पलटा गया जो देश की बड़ी आबादी के लिए अनजाने थे, अज्ञात थे। वर्ष-भर के ऐसे आयोजनों और कार्यक्रमों ने 15 अगस्त, 2022 तक सारे देश को असीमित गर्व से भर दिया था।

देश के अनेक अनाम वीरों और क्रांतिकारियों को खोजने, उन्हें सभी के सामने लाने और उनके प्रति कृतज्ञता अर्पित करने के लिए एक वर्ष का समय पर्याप्त नहीं था। एक क्रम, एक गति देश के साथ जुड़ते हुए, देशभक्ति की भावना में गोते लगाते हुए चल रही थी, जिसे और आगे तक ले जाने की आवश्यकता थी। इस आवश्यकता को देखते हुए वर्ष 2022 के पंद्रह अगस्त को लाल किले की प्राचीर से भारत के माननीय प्रधानमंत्री ने भारत अमृत महोत्सव को अगले स्वतंत्रता दिवस तक चलाने की घोषणा की थी। भारत अमृत महोत्सव का यह दूसरा वर्ष भी बहुत महत्त्व का रहा। अनेक ऐसी योजनाएँ, जो सारे देश को राष्ट्रीयता की भावना के साथ जोड़ सकें, अमल में लाई गईं। वीरों और क्रांतिकारियों की स्मृतियों को सँजोते-सहेजते हुए देश भर में अनेक व्याख्यानों और आयोजनों के साथ ही स्वाधीनता के अमृत महोत्सव की साक्षी अनेक पुस्तकें भी बनीं, जिनका प्रकाशन वर्ष भर अनेक विश्वविद्यालयों और संस्थाओं से होता रहा। स्वाधीनता के अमृत महोत्सव से जुड़े एक-दो कार्यक्रमों का उल्लेख यहाँ प्रासंगिक होगा। भारत की ऐसी सीमाएँ, जहाँ वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, उनको सारे देश के साथ जोड़ने के लिए सीमांत पर्यटन योजना बहुत प्रभावी और रोचक सिद्ध हुई है। अनेक सीमांत क्षेत्रों में जा-जाकर लोगों ने इन क्षेत्रों की समस्याओं को समझा और साथ ही देशभक्ति की भावना को अनुभूत किया। ऐसी ही एक योजना वाइब्रेंट विलेज योजना है। इसके साथ ही ‘मेरी माटी मेरा देश’ एक ऐसे अभियान के रूप में इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस के कुछ माह पहले प्रारंभ हुआ, जिसने उन अनेक वीरों, हुतात्माओं और क्रांतिकारियों के साथ समूचे देश को जोड़ा, जो अज्ञात थे, जिनके बारे में लोगों को कम जानकारियाँ थीं।

विभिन्न आदिवासी क्रांतिकारी, जिनको इतिहास में विद्रोही बताकर इतिश्री कर ली गई थी, उनके अप्रतिम योगदान, उनके अतुलनीय बलिदान को नए सिरे से, पूरी सच्चाई के साथ सामने लाने हेतु देश भर के विभिन्न आदिवासी क्षेत्रों से सूचनाएँ और जानकारियाँ एकत्रित की गईं। प्रदर्शनियों और झाँकियों के रूप में इनका देश भर में प्रदर्शन हुआ, चर्चाएँ भी हुईं। क्रांतितीर्थ जैसे आयोजनों के माध्यम से उन वीरांगनाओं को भी सम्मानित करने और कृतज्ञता ज्ञापित करने का कार्य किया गया, जिन्होंने विभिन्न युद्धों व संघर्षों में अपने पति, अपने पुत्र का बलिदान दिया। देश के विभिन्न स्थानों में क्रांतिकारियों के आँगनों से, गाँवों से पवित्र माटी संकलित की गई, ताकि राष्ट्रीय स्मारक में उपयोग करके देश को एक सूत्र में बाँधा जाए और आने वाली पीढ़ियों को अपने वीर बलिदानी पुरखों के बारे में बताया भी जाए।

इन्हीं प्रयासों को साथ लिए हुए, देशभक्ति के भावों से भरकर हमने हाल ही में अपना स्वतंत्रता पर्व मनाया। इस वर्ष 15 अगस्त को भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री ने लाल किले से भाषण देते हुए केंद्र सरकार के विगत लगभग दस वर्षों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा, कि- सन् 2014 में हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में 10वें स्थान पर थे। आज 140 करोड़ देशवासियों का पुरुषार्थ रंग लाया है और हम विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। हमने लीकेज बंद करके (अर्थात् भष्टाचार पर लगाम), मजबूत अर्थव्यवस्था बनाकर और गरीबों के कल्याण की अनेक योजनाओं को व्यवहार में उतारकर इस स्थान को पाया है।

इस वर्ष स्वाधीनता दिवस के भाषण में प्रधानमंत्री देशवासियों को ‘मेरे प्यारे परिवार जन’ कहकर संबोधित कर रहे थे। यह संबोधन 140 करोड़ देशवासियों के साथ ऐसे भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त कर रहा था, जिस जुड़ाव ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर देश को वैश्विक स्तर पर मजबूती के साथ खड़ा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने लोकतंत्र की शक्ति, युवा जनसंख्या के बल और विविधता की त्रिवेणी का उल्लेख करते हुए कहा, कि इसी त्रिवेणी ने भारत के हर सपने को साकार करने की ताकत दी है। आज इसी के बल पर हमारे युवाओं ने विश्व के पहले तीन ‘स्टार्टअप इकोसिस्टम’ में स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा, कि विश्वभर में भारत की चेतना के प्रति विश्वास पैदा हुआ है। मेरी सरकार और मेरे देशवासियों का मान ‘राष्ट्र प्रथम’ के वाक्य से जुड़ा है।

हाल ही में मणिपुर की घटनाओं पर दुःख व्यक्त करते हुए उन्होंने शीघ्र ही स्थितियों के सामान्य होने की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने देश की आंतरिक और सीमांत सुरक्षा पर सुदृढ़ और सशक्त नीति का उल्लेख करते हुए कहा, कि- आज देश में आतंकी हमलों में कमी आई है और नक्सली घटनाएँ बीती बातें हो गईं हैं। यह नया भारत है, जो न रुकता है, न हाँफता है।

प्रधानमंत्री मोदी के भाषण का सबसे बड़ा पक्ष भविष्य की कार्ययोजना का था। उन्होंने स्थिर सरकार की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा, कि देशवासियों ने स्थिर सरकार ‘फॉर्म’ की, तब मोदी ने ‘रिफार्म’ किया, नौकरशाही ने ‘परफार्म’ किया और जनता जुड़ गई तो ‘ट्रांसफार्म’ किया। इस गति को उन्होंने आगे तक ले जाने की बात कही। वे पिछले 1000 वर्षों से आगामी 1000 वर्षों तक के भारत की यात्रा को व्याख्यायित करते हुए इस स्वतंत्रता दिवस को एक पड़ाव की तरह बताना चाह रहे थे।

इस वर्ष स्वाधीनता के अमृत महोत्सव की पूर्णता के साथ ही सन् 2047 के लिए सभी को एक साथ मिलकर चलने के लिए आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत महोत्सव की पूर्णता से अमृत काल के लिए चल पड़ने की बात कही। उन्होंने कहा, कि- वर्ष 2047 में जब देश स्वाधीनता के 100 वर्षों का उत्सव मना रहा होगा, तब भारत का तिरंगा विकसित भारत का तिरंगा झंड़ा बने, ऐसी कामना है। उन्होंने कहा, कि- हमें खोई हुई समृद्धि का गर्व करते हुए, खोई हुई समृद्धि को प्राप्त करते हुए हमको यह मानकर चलना होगा, कि आज हम जो कदम उठाएँगे, वे अगले एक हजार वर्ष तक की हमारी दिशा तय करेगा।

भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री का नए भारत के लिए, ‘न्यू इंडिया’ के लिए ‘विजन 2047’ अमृत काल से जुड़ा हुआ है। अमृत काल भारतीय वाङ्मय में उस काल को कहा जाता है, जो किसी कार्य को करने के लिए उचित होता है और अपेक्षित सफलता उस काल में प्राप्त होती है। यह एक प्रकार से शुभ मुहूर्त होता है। माननीय प्रधानमंत्री ने अमृत काल के लिए पाँच प्रणों की बात करते हुए इन्हें स्वाधीनता के शताब्दी वर्ष तक पूर्ण करने की बात कही है।

प्रधानमंत्री मोदी के पंच प्रण में पहला संकल्प विकसित भारत का है। इसमें देश के ग्रामीण और शहरी सभी क्षेत्रों को मूलभूत संसाधनों व सुविधाओं से युक्त करने की बात है। दूसरा संकल्प गुलामी से मुक्ति  का है। हमारे मन में गुलामी का एक अंश भी शेष न रह जाए और हम मन व कर्म से स्वाधीन अनुभूत करें। तीसरा संकल्प विरासत पर गर्व का है। हमें अपनी गौरवपूर्ण विरासत पर गर्व की अनुभूति होनी चाहिए। हम विश्व को बहुत कुछ दे सकते हैं। चौथा संकल्प एकता और एकजुटता का है। हमें एक होकर, अपनी विविधताओं को एक सूत्र में बाँधकर भारत की समृद्धि के लिए, विकास के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे। पाँचवा संकल्प नागरिकों का कर्तव्य है। देश के सभी नागरिक अपने कर्तव्यों का निष्ठा व लगन के साथ पालन करके देश के विकास में अपना योगदान दें।

स्वाधीनता दिवस पर लाल किले से हमारे माननीय प्रधानमंत्री का भाषण अमृत महोत्सव से अमृत काल की ओर बढ़ने का संदेश देते हुए असीमित ऊर्जा से भरा हुआ था। एक आत्मविश्वास, जो अपने ‘परिवार जनों’ के साथ संबोधित होते हुए झलकता है, उसे हम अपने मार्गदर्शक की ओजस्वी वाणी में अनुभूत कर रहे थे। निःसंदेह हमारा शीर्ष नेतृत्व अमृत महोत्सव से अमृत काल की ओर अग्रसर होते हुए विकसित भारत की संकल्पना को साकार करता प्रतीत होता है। इस हेतु हम भारतवासी अपने यशस्वी प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञ हैं।

-राहुल मिश्र

(सीमा जागरण मंच के मुखपत्र सीमा संघोष के अगस्त, 2023 अंक में प्रकाशित)

नंदी की कौन सुने....

 


नंदी की कौन सुने....

काशी का बाबा विश्वनाथ तीर्थक्षेत्र....। युगयुगीन प्रवाहित भागीरथी के तट पर अनंतकाल से जीवंत-जागृत काशी। काशी के अधिपति बाबा विश्वनाथ का स्थान, स्वयंभू विश्वेश्वर महादेव, और उनके सामने विराजमान नंदी...। अनेक पीढ़ियों ने इस दिव्य दर्शन को पाकर अपने जीवन को धन्य किया। आराधना-पूजा करके अपनी मनोकामनाओं को पूरा होते देखा। यह गौरवपूर्ण अतीत, यह आध्यात्मिक परंपरा, भक्ति की प्रवाहित धारा कब आक्रांताओं के आक्रमणों की भेंट चढ़ी, यह इतिहास का विषय है। इतिहास की पुस्तकों की सच की गहराई का स्तर अतीत की विभीषिका को आँकने का माध्यम अवश्य हो सकता है, किंतु प्रत्यक्ष का प्रमाण अतुलनीय होता है। इसी कारण विश्वेश्वर के नंदी की चर्चा आजकल खूब हो रही है।

हमारा बचपन आँखों के सामने घूम रहा है। हमारे पुराने समय में साधुओं का दल नंदी राजा को लेकर गाँव-गाँव घूमता था। नंदी राजा के आते ही मानों गाँव-जवार में हलचल-सी आ जाती। लोग नंदी राजा के लिए सीधा-पिसान लेकर आ जाते। बड़ी आस्था के साथ पाँव छूते। बड़ी सुंदर-सी झूल पीठ पर डाले, जिसमें कौड़ियों-सीपियों की कढ़ाई होती, तेल से चमचमाते हुए सींग, गठीली देहयष्टि, स्वयं में मगन नंदी राजा लोगों के लिए अनेक आशाएँ लेकर आते, सुनहरे सपनों के पंख लेकर आते...। इसी कारण नंदी राजा को भेंट-चढ़ावा देकर अपना-अपना भविष्य पूछने का क्रम चालू हो जाता। किसी को हाँ में सिर हिलाकर, तो किसी को ना में सिर हिलाकर नंदी राजा भविष्य बताते। लोग आस्था में नतमस्तक होकर नंदी राजा के माध्यम से औढरदानी महादेव तक अपना संदेश भिजवाते।

लोकजीवन इन्हीं बातों से सँवरता है। आस्था की बड़ी-बड़ी अट्टालिकाएँ नहीं गढ़ता..., घास-फूस की झोपड़ियों में ही प्रसन्न हो लेता है। शिवालयों में स्थापित नंदी के कान में धीमे से कुछ कहती बूढ़ी माई को देखकर, किसी परीक्षार्थी बच्चे को नंदी के कान में फुसफुसाते देखकर ऐसा ही लगता है। मानों वे नंदी के कान में अपनी याचना सुनाकर स्वयं को मुक्त कर लेते हैं। एक भरोसा अपने अंदर पा जाते हैं, कि गर्भगृह में महादेव से तो कह ही आए हैं, मगर कहीं व्यस्तता के बीच हमारी याचना पर ध्यान न दे पाएँ, तो नंदी राजा उन्हें अवश्य स्मरण करा देंगे। नंदी राजा इसी कारण लोक के अधिक निकट होते हैं। आस्थावान भक्तगण अनेक प्रकार से नंदी की आराधना करते हैं, क्योंकि औढरदानी को स्मरण कराने वाले वे ही हैं। संभावना जहाँ सिमट जाएँ, वहाँ फिर से भरोसा जगा देने वाले नंदी राजा ही हैं।

नंदी राजा भी अपने आराध्य महादेव के भक्तों को खूब पहचानते हैं। वे अपने प्रति आस्था रखने वाले शिवभक्तों को निराश नहीं करते। इन दिनों जिन नंदी की बात चल रही है, उन्हीं से जुड़ा एक प्रसंग महाराष्ट्र में बहुत प्रचलित है। कहते हैं, कि संत ज्ञानदेव जनाबाई के साथ काशी आए थे। ‘पंडित से पंडित मिले भईं-भईं पूछै बात....’ वाले न्याय से काशी के पंडितों ने संत ज्ञानेश्वर से शास्त्रार्थ चालू किया, फिर परीक्षा लेने लगे.....। जरा विश्वनाथ जी के नंदी को चारा खिलाकर दिखाओ, तो जानें...। अभी तक तो बहुत सारी कहानियाँ फैला रखीं हैं। संत ज्ञानेश्वर चिंता में पड़ गए, अब आखिर क्या करें? वे तो संत हैं, जो बातें उनके बारे में चमत्कार की तरह प्रचलित-प्रचारित हैं, उन बातों को उन्होंने स्वयं तो नहीं फैलाया है। उनके आस्थावान अनुयायियों ने कहा, तो वे क्या करें..। अब यहाँ काशी के पंडित प्रत्यक्ष प्रमाण माँगने पर अड़े हुए हैं। संत ज्ञानेश्वर की चिंता गुरु निवृत्तिनाथ से छिपी नहीं थी। संत ज्ञानेश्वर कातर भाव से गुरु निवृत्तिनाथ की ओर देखते हैं, दो आँसू टपक पड़ते हैं। निवृत्तिनाथ कहते हैं, कि नंदी भूखा दिखता है, घास खिला दो...। लोग दौड़कर घास ले आते हैं, और यह क्या... संत ज्ञानेश्वर ने जैसे ही विनत् भाव से चारे का गट्ठर नंदी राजा के आगे किया, वे स्वयं ही मुँह उठाकर चारा खाने लगे। निवृत्तिनाथ, संत नामदेव, जनाबाई और अनेक भक्तों ने नंदी को चारा खिलाया।

यह कथा आज भी महाराष्ट्र से काशी आने वाले भक्तों को भक्ति के भाव में डुबो देती है। उन्हें आज भी नंदी राजा चारा खाने के लिए गरदन मोड़े हुए बैठे दिखाई देते हैं। ठीक वैसे ही, जैसे पंढरपुर में विठोबा कमर पर दोनों हाथ रखे हुए ईंट पर खड़े दिखाई देते हैं। पंढरपुर में महावैष्णव भक्तराज पुंडलीक अपने माता-पिता की सेवा में अनवरत् लगे रहते थे। ऐसे मातृ-पितृभक्त के दर्शन करने विष्णु के अवतार विट्ठल आते हैं। पुंडलीक से मिलने के लिए कहते हैं। पुंडलीक एक ईंट फेंककर उनसे कहते हैं, कि इसमें बैठकर प्रतीक्षा करें, वे माता-पिता का काम पूरा करके, सेवा-टहल करके मिलने आएँगे। विट्ठल उस ईंट पर खड़े होते हैं, कमर में हाथ रखकर... कुछ इस तरह से, कि मुझे कब तक प्रतीक्षा करनी होगी? भगवान अपने भक्त की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अद्भुत हैं पंढरीनाथ.., कब से अपने भक्त की प्रतीक्षा में खड़े हैं।

आस्था और विश्वास का जैसा संयोग पंढरपुर में है, वैसा ही तो काशी में है, काशी के अधिपति विश्वेश्वर महादेव के प्रिय भक्त नंदी के साथ जुड़ा है। संत ज्ञानेश्वर, संत नामदेव, माता जनाबाई आदि अनेक भक्तों-संतों-आस्थावानों के तीर्थक्षेत्र में आते रहने का विधान उसी आस्था व विश्वास की अनंत गाथा को दोहराता है। अनगिनत भक्त अपनी भावनाओं को सहेजकर काशी के बाबा के दर्शन को आते हैं, नंदी राजा के दर्शन को आते हैं..... और अपनी मनोकामनाओं को, अपनी चिंताओं को नंदी राजा के कान में बताकर इस भरोसे के साथ लौटते हैं, कि उनकी मनोकामनाएँ पूरी होंगी, उनके दुःख और चिंताएँ दूर होंगी। बाबा पर भरोसा जो है, वह कभी टूटता भी नहीं है, आस्था के भाव को सदैव दृढ़ करता जाता है।

बाबा विश्वनाथ के भक्त महंत पन्ना ने जब देखा, कि आक्रांताओं-आततायियों की नीयत उनके आराध्य विश्वेश्वर महादेव को अपवित्र करने की है, और तीर्थक्षेत्र भी सुरक्षित नहीं बचा है तब वे भी नंदी के कान में अपनी पीड़ा और अपनी मनोकामना कहकर विश्वेश्वर महादेव के विग्रह को लेकर, शिवलिंग को लेकर ज्ञानवापी में कूद जाते हैं। महंत पन्ना के मन में असीम विश्वास उसी लोक-आस्था का एक अंश दिखता है, जो औढरदानी अविनाशी शिव तक बात पहुँचाने वाले नंदी राजा से अपने भरोसे को जोड़ती है। काशी तीर्थक्षेत्र के परिसर में विश्वेश्वर महादेव के अनन्य भक्त नंदी राजा ने एक वह समय भी देखा, जब आस्थावान भक्तों की भीड़ उनसे अपने दुःख-दर्द कह जाती, अपनी मनोकामनाएँ कह जाती थी। बाद में वह समय भी देखा, जब आततायियों ने अपनी कुत्सित भावनाओं से, आक्रमण और आतंक से सबकुछ तहस-नहस कर डाला। विश्वेश्वर महादेव भक्त पन्ना के साथ ज्ञानवापी कुएँ में भले ही डूब गए हों, लेकिन नंदी राजा अविचल रहे। समय के साक्ष्यों को सहेजते हुए प्रतीक्षारत रहे। नंदी राजा तो सबकी सुनते रहे, महादेव तक सबकी बात पहुँचाते रहे, मगर नंदी की कौन सुने...। नंदी अपनी वेदना किससे कहें। यह प्रश्न समय की गति के साथ, काल के घूमते चक्र के साथ घूमता ही रहा... तिरता-उतराता ही रहा। कितनी पीढ़ियों ने प्रश्न के उत्तर खोजने के यत्न किए। कितने कुचक्र रचे गए, कितनी चालें चली गईं, कैसे ताने-बाने बुने गए... यह सब नियति ने देखा है। इतिहास ने स्वयं में यह सब समेटा है। ऐसी विकट विषमता के लंबे काल में न तो नंदी ने अपनी प्रतीक्षा छोड़ी, ओर न ही महाकाल के भक्तों ने अपनी आस्था व विश्वास को छोड़ा।

समय किस तरह करवट बदलता है, यह आज के समय में दिखाई दे रहा है। नंदी की वर्षों की साधना पूरी होती दिख रही है। नंदी की प्रतीक्षा पूरी हुई...., ऐसा चारों ओर सुनाई देने लगा है। शिवभक्तों की आस्था, उनका भरोसा दृढ़ हुआ है। औढरदानी विश्वेश्वर महादेव अपने भक्तों की प्रतीक्षा में पथराई आँखों में प्रसन्नता की चमक भर रहे हैं। शिव के प्रिय गण नंदी राजा भी अपनी प्रतीक्षा को पूरा होते देख रहे हैं। युगों-युगों से शिवभक्तों की याचनाओं को महादेव तक पहुँचाने वाले नंदी की याचना भी शिव ने सुनी है। इतने वर्षों में अनेक विषमताओं को देखने के लिए विवश नंदी राजा की आँखों से प्रसन्नता के अश्रु बरबस ही बह उठे हैं, ऐसा अनुभूत होता है। यह अनुभूति चितेरों की तूलिकाओं से भी उतरती है। सोशल मीडिया के अनेक पटलों पर घूमते चित्र यही तो बता रहे हैं।

नंदी शिव के भवन के द्वारपाल हैं, कैलास के द्वारपाल हैं। वे बल और शक्ति के प्रतीक भी हैं। वे कर्मठता और संपन्नता के प्रतीक भी हैं। नंदी लोक की आस्थाओं में रचे-बसे हैं। यह कोई आज की बात नहीं, यह कोई आज के भारत की बात नहीं...। दुनिया की अनेक सभ्यताओं में नंदी बसे हैं, समाए हैं। सिंधु घाटी की प्राचीनतम् सभ्यता के साथ ही बेबीलोन, सुमेरु और असीरिया की सभ्यताएँ नंदी के प्रति आस्था को व्यक्त करती हैं। नंदी सनातन की अविरल परंपरा के संवाहक हैं। नंदी केवल लोकजीवन में ही नहीं, धर्म और अध्यात्म की उच्चतम् स्थितियों में भी प्रतिष्ठित हैं। नंदी भारतीय जनजीवन की सुंदर झाँकी गढ़ते हैं। नंदी की प्रतीक्षा सनातन भारतीय जीवन की प्रतीक्षा है। नंदी का उद्घोष भारत की भारतीयता का उद्घोष है।

नंदी शिव के हैं, शिव की सवारी हैं। धेनुएँ, गउएँ कान्हा की हैं, ब्रजक्षेत्र जितना कान्हा की गउओं के रँभाने से सँवरता है, उतना ही नंदियों की हुँकार से गूँजता है। कान्हा के अधरों पर वंशी है, गीत है, संगीत है...। शिव के चरणों में भी तो लय है, ताल है, तांडव है। गीत-संगीत-नृत्य समानधर्मा हैं, लोक की चिंताओं का शमन करने वाले, लोक का रंजन करने वाले हैं। शिव और पार्वती लोकरंजक भी हैं, लोकरक्षक भी...। शिव-पार्वती के लिए लोकरक्षक राम की बाललीला आकर्षक होती है। राम लंका विजय के पहले शिव को पूजते हैं, रामेश्वरम् में...। कान्हा और राम एक ही तो हैं, और शिव इन दोनों से जुड़े हैं। लोक की आस्था, लोक का जीवन इन्हीं जुड़ावों के साथ संलग्न है, अभिन्न भी है। राम की अयोध्या नगरी में सरजू जी का जल यदि निर्मल होता है, तो काशी की गंगा और ब्रज की यमुना भी अपने निर्मल जल के आनंद में लोक को डुबो देना चाहती हैं। नंदी तो लोक की बात कहने वाले हैं, लोक के उद्धारक आशुतोष से..., हर महेश्वर रुद्र से.... सत्य और सुंदर को सहेजने वाले शिव से...। नंदी की प्रतीक्षा लोक के हितार्थ गरल का पान कर लेने वाले हर महेश्वर रुद्र, नीलकंठ महादेव के पुनः लोकहितार्थ जागृत होने के लिए है, भक्तों और आस्थावानों की आशाओं-कामनाओं-याचनाओं की पूर्ति के लिए है, और यह सब नंदी की प्रतीक्षा की पूर्णता के साथ सहज सुलभ दिखता है।

-राहुल मिश्र

(राष्ट्रधर्म, लखनऊ, आषाढ़-सावन ,2079, जुलाई-2022 के अंक में प्रकाशित)





Wednesday 16 August 2023

ऊँट की पीठ पर अतीत उर्फ सिल्क रूट के शहंशाह


 ऊँट की पीठ पर अतीत उर्फ सिल्क रूट के शहंशाह

 

“गुरु जी! यह ऊँट मनाली नहीं जा सकता है। वहाँ ठंडक हो, तो बनी रहे। इसे जो खाने को चाहिए, वह तो मनाली में मिलेगा नहीं... यहाँ की जैसी ठंडक भी नहीं......। चार-पाँच साल पहले कुछ लोगों ने इस ऊँट की नस्ल को मनाली तक पहुँचाने की कोशिश की थी। इसके लिए वे ऊँटों के जोड़े लेकर गए, लेकिन मनाली पहुँचते ही ऊँट जिंदा नहीं रह पाए।”

इतना सुनने के बाद मेरे मन में एक प्रश्न उठना स्वाभाविक ही था, कि आखिर वे लोग इस ऊँट को मनाली क्यों ले जाना चाहते थे? मैं भी इस प्रश्न को उसी तरह अपने अंदर रोक नहीं सका, जिस तरह आप नहीं रोक पा रहे थे, अभी एक क्षण पहले...। मैंने तुरंत ही अपना सवाल उनके सामने रख दिया।

वे बोले- “टूरिजम, टूरिज्म़ के ‘डेज़र्ट सफ़ारी’ में इन ऊँटों का बड़ा ‘रोल’ है।” उनके इस उत्तर ने मेरे सामने चित्र को बहुत-कुछ स्पष्ट कर दिया। पिछले दिन, जब हम दुनिया के सबसे ऊँचे रास्ते को खरदुंग-ला में पार कर रहे थे, तब वहाँ तमाम पर्यटक फोटो खिंचाने में व्यस्त थे। लेह से नुबरा घाटी की ओर जाने वाले रास्ते में खरदुंग-ला पड़ता है, जिसकी ऊँचाई समुद्रतल से लगभग 18,380 फीट है। लदाख आने वाले पर्यटकों के लिए यह विशेष आकर्षण का केंद्र होता है। खरदुंग-ला की ‘कॉफ़ी शॉप’ से लगाकर शिव मंदिर तक तमाम पर्यटकों की चहल-पहल थी। कुछ खरदुंग की ऊँची चोटी पर चढ़कर फोटो खिंचा रहे थे, और कुछ चुपचाप बैठे प्रकृति के इस सौंदर्य का रसपान कर रहे थे। बातचीत से लग रहा था, कि उन पर्यटकों में बड़ी संख्या महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के दूसरे हिस्से के लोगों की है। जिज्ञासावश किनारे बैठे एक मराठी पर्यटक से मैंने पूछा, कि- आपको यहाँ के पर्यटन में क्या देखना सबसे ज्यादा रोमांचित करता है। उसका जवाब था, कि पहले तो बर्फ और फिर दो कूबड़ वाले ऊँट की सवारी का रोमांच ही उसे यहाँ तक ले आया है। उस मराठी पर्यटक के उत्तर और आज की बातचीत के तालमेल को बिठाते हुए मेरे सामने स्पष्ट हो गया, कि मनाली में पर्यटकों को लदाख की ‘फीलिंग’ देते हुए कमाई करने के उद्देश्य से यारकंदी ऊँटों को यहाँ से ले जाने की कोशिशें की गई होंगी। इन्हीं का जिक्र नोरबू साहब मुझसे कर रहे थे।

सन् 2017 के अगस्त महीने में दूसरी बार मेरा नुबरा घाटी में जाना हुआ था। इससे पहले शायद 2011 में नुबरा जाना हुआ था। उस समय दो कूबड़ वाले ऊँटों के बारे में केवल सुना था, देखने का मौका नहीं मिल पाया था। इस बार पूरी तरह से तय कर लिया था, कि दो कूबड़ वाले ऊँटों के दर्शन जरूर करने हैं। खास तौर से इस कारण भी, कि देश और दुनिया के कोने-कोने से लोग तमाम जहमत उठाकर नुबरा घाटी आते हैं और हम लदाख में रहते हुए भी अगर लदाख की इस प्रसिद्धि से साक्षात्कार नहीं कर पाए, तो शायद समय भी हमें माफ नहीं कर पाएगा। यही जोश और जज्बा था, कि जिसके बूते हम यारकंदी ऊँटों के सामने खड़े थे। इनके बारे में बहुत-कुछ पढ़ा भी था, मगर यहाँ नोरबू साहब से जो जानकारी मिल रही थी, वह शायद अब तक किताबों या ‘विकीपीडिया’ जैसी ‘अंतर्जालिक’ तकनीकों में उपलब्ध नहीं हो पाई थी। मेरे विस्मित हो जाने का बड़ा कारण भी यही था। दरअसल नोरबू साहब के पास बीस यारकंदी उँट थे, जिनमें पर्यटकों को सैर कराने का व्यवसाय वे करते थे।मेरे एक शिष्य के पिता होने के नाते नोरबू साहब ने बड़ी आत्मीयता के साथ मुझसे मुलाकात की थी। मैं वहाँ पहुँचने वाला हूँ, यह सूचना मेरे शिष्य ने उन्हें दे रखी थी।

जब नोरबू साहब ने मुझे यारकंदी ऊँटों के बारे में बताना शुरू किया, तब अतीत की बातें परत-दर-परत ऐसी खुलती चली गईं, जिन्होंने विचारों को पंख दे दिए। नोरबू साहब ने यारकंदी ऊँटों की खान-पान की आदतों से लगाकर उनके रहने के तौर-तरीकों तक के बारे में विस्तार से बताया। नोरबू साहब ने रेशम मार्ग, यानि ‘सिल्क रूट’ में यारकंदी ऊँटों के योगदान को भी इतने विस्तार से बताया, कि कालिदास और विद्योत्तमा के जीवन में ऊँट का योगदान भी बरबस ही मेरे विचारों में कौंध पड़ा। विद्वान आचार्यों ने विदुषी विद्योत्तमा को मजा चखाने के लिए बुद्धिहीन कालिदास के साथ धोखे से विवाह करा दिया। भला हो, ऊँटों का....., जो वे एक दिन विद्योत्तमा की हवेली के बाहर से गुजर पड़े और मूढ़ कालिदास उन्हें उट्र-उट्र कहकर चिल्लाने लगे। तब कहीं जाकर विद्योत्तमा को पता लगा, कि मेरे पतिदेव तो निहायत मूढ़-मगज हैं। तब क्या था, उपचार शुरू हो गया और इस तरह ‘उपमा कालिदासस्य’, अर्थात् अपनी विलक्षण-अद्बुत उपमाओं के लिए संस्कृत साहित्य के उज्ज्वल नक्षत्र के समान कालिदास का प्राकट्य हुआ।

विद्योत्तमा और कालिदास के जीवन को बदलने वाले ऊँट बेशक यारकंद वाले नहीं थे, मगर ऊँट किस तरह जीवन बदल देते हैं, अपनी करवट से ऊँट कैसे हालात बदल देते हैं, यह जरूर स्पष्ट था। यारकंदी ऊँटों ने भी अनेक लोगों के जीवन को बदला है। प्राचीनकाल ही नहीं मध्यकाल में, और फिर रेशम मार्ग से यातायात के बंद हो जाने के बाद आज के समय में ‘डेजर्ट सफ़ारी’ के रूप में यारकंदी ऊँटों के योगदान को देखा जा सकता है। चीन के रेशम से अपना नाम पाने वाला पूरा रेशम मार्ग लगभग दस हजार किलोमीटर का होगा, मगर आज रेशम मार्ग के उत्तरी छोर को ही प्रमुख रूप से जाना जाता है। उत्तरी रेशम मार्ग या ‘सिल्क रूट’ लगभग 6500 किलोमीटर लंबा था। इसका संबंध मुख्य रूप से हिमालय की कराकोरम श्रेणी से रहा है। यह चीन की प्राचीन राजधानी शिआन से पश्चिम की ओर चलते हुए टकलामकान रेगिस्तान से निकलकर मध्य एशिया के बैक्ट्रिया और पर्शिया राज्यों तक जाता था। इसके आगे का रास्ता बढ़कर ईरान और रोम तक पहुँचता था। टकलामकान, जैसा कि अपने नाम से ही स्पष्ट कर देता है, कि मध्य एशिया का ऐसा रेगिस्तान था, जो एकदम उजाड़ और डरावना था। पुराने जमाने में ऐसा माना जाता था, कि जो टकलामकान रेगिस्तान में घुस जाता है, वह बाहर नहीं आ पाता है। इसी डर के कारण रेशम मार्ग के व्यापारी इस रेगिस्तान को उत्तर या दक्षिण दिशा से पार किया करते थे। दोनों दिशाओं से आने वाले रास्ते काश्गर के नख़लिस्तान में मिलते थे, और फिर आगे कराकोरम श्रेणी की तरफ चल पड़ते थे। शायद इसी के कारण किसी गंजे व्यक्ति को टकला कहा जाना और किसी उजाड़-वीरान जगह पर अचानक रौनक बिखर जाने पर उसे नख़लिस्तान कहा जाना प्रचलन में आया होगा। रेशम मार्ग केवल व्यापार का ही रास्ता नहीं था; वरन् इसमें अध्यात्म, धर्म, दर्शन, संस्कृति, वैचारिकता भी अपनी यात्राएँ करती थीं। जिस तरह रेशम मार्ग के व्यापारी थोड़ी-थोड़ी दूरी पर अपने सामानों की अदला-बदली करके व्यापार को चलाते थे, उसी तरह सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी आदान-प्रदान के माध्यम से चलती रहती थीं।

टकलामकान के बर्फीले रेगिस्तान से लगाकर उसके आगे मध्य एशिया के सर्द-बर्फीले इलाकों के लिए यारकंदी ऊँटों से बेहतर सवारी कोई नहीं हो सकती थी। इसी कारण 6500 किलोमीटर के इस लंबे रास्ते के अतीत की चर्चा भी यारकंदी ऊँटों के बिना पूरी नहीं हो सकती है। यारकंद या बैक्ट्रिया में पाए जाने वाले दो कूबड़ वाले ऊँटों को क्षेत्र के हिसाब से यारकंदी या बैक्ट्रियन ऊँट कहा जाता है। ये थार के रेगिस्तान में मिलने वाले ऊँटों से कम लंबे होते हैं और इनके दो कूबड़ होते हैं। इस कारण इन्हें सामान्य रूप से दो कूबड़ वाले ऊँट के तौर पर जाना जाता है। इनके शरीर में बाल भी बहुत होते हैं, जो इन्हें भीषण सर्दी और बर्फीली हवाओं से बचाते हैं।

मेरे मन में तमाम विचार एकसाथ चल रहे थे। बर्फीले रेगिस्तान को अपनी पदचापों से जीतने के लिए मनुष्य ने कैसे इन यारकंदी ऊँटों को अपना हमसफ़र बना लिया, और इनकी पीठ पर लदकर वस्तुओं के साथ ही संस्कृति-विचार व जीवन के रंग-ढंग भी भूगोल की सीमाओं को कैसे तोड़ देते हैं, यह सोचना ही अपने आप में बहुत रोमांचकारी है। लदाख अंचल में नानवाई की दुकानें चलाने वाले यारकंदी व्यवसायियों के वंशजों को अपने पूर्वजों का वह सफ़र आज शायद ही याद होगा, जो कभी इन यारकंदी ऊँटों की पीठ पर बैठकर तय किया गया होगा। समोसा खाते समय शायद ही हमें याद आता होगा, कि आज भारत के सर्वाधिक प्रिय और देशव्यापी समोसा ने इन्हीं यारकंदी ऊँटों में बैठकर भारतवर्ष तक का सफ़र किया होगा। समोसे की दुकानें तो देश-भर में मिल जाएँगी, मगर नानवाई की दुकानें लदाख की अपनी निजी पहचान हैं। नानवाई तंदूर में रोटियाँ बनाते हैं, जिन्हें लदाखी में ‘तागी’ कहा जाता है। तंदूरी रोटी के रूप में होशियारपुर के व्यापारियों के साथ पंजाब, और फिर देश के दूसरे हिस्सों में पहुँचने वाली लदाखी ‘तागी’ भी यारकंद की सौगात है।

मेरे विचारों की कड़ियों में दखल देते हुए जब नोरबू साहब ने यारकंदी ऊँटों की खानपान की आदतों के बारे में बताया, तो एकबारगी यह भी महसूस हुआ, कि यारकंदी ऊँटों से ज्यादा धैर्यवान और सहनशील जीव धरती पर खोजना बहुत कठिन है। जरा-से पानी या थोड़ी-सी बर्फ से अपने शरीर में जल का स्तर बनाए रखकर और कँटीली झाड़ियों को खाकर अपना पेट भर लेने वाले ऊँट मानव के लिए आत्मबलिदान ही तो करते रहे हैं.......शायद। उनकी पीठ पर चमड़े के बड़े-बड़े थैलों में भरा पानी, तंदूर में बनी नानवाई की रोटियों से भरे बंडल और रेगिस्तान के सफ़र में चटखारेदार भोजन की कमी को पूरा करने वाले समोसेनुमा व्यंजन से भरे पात्रों को लादकर रेशम मार्ग में चलने वाले ऊँटों के हिस्से में लेह बेरी जैसी कँटीली झाड़ियाँ ही आती रही होंगी।

यारकंदी ऊँट छः मन, यानि लगभग ढाई क्विंटल तक भार उठा सकते हैं। इनके लिए समतल रेगिस्तान में चलना तो आसान होता है, मगर घाटियों की चढ़ाई-उतराई और बर्फीली चट्टानों पर चलना कठिन होता है। नोरबू साहब के द्वारा दी गई इस जानकारी के बाद महसूस हुआ, कि रेशम मार्ग में पड़ने वाले लदाख के पनामिग गाँव से आगे तुरतुग-बोगदंग आदि बल्तिस्तानी गाँवों की तरफ चलने पर शयोग नदी के एक ओर कराकोरम और दूसरी ओर लदाख रेंज के पहाड़ों की दुर्गम ऊँचाइयों पर सिल्क रूट के ध्वंसावशेष पतली-सी लकीरों की तरह दिखाई पड़ते हैं। इनमें यातायात के अनुशासन को देखते हुए आने, और जाने के रास्ते भी बाकायदा अलग-अलग समझ में आते हैं। नोरबू साहब से ही पता लगा, कि याक, घोड़े और टट्टू ‘शटल’ सेवा की तरह सिल्क रूट में प्रयुक्त होते थे। हिमनदों और विकराल दर्रों को पार कराने में जहाँ याक विश्वसनीय होते थे, वहीं ऊँचाई पर चढ़ने और तेजी के साथ सामान की ढुलाई करने में घोड़ों और टट्टुओं का उपयोग किया जाता था। इस तरह अलग-अलग स्थानों पर किराए से इन भारवाहकों को उपलब्ध कराने वाले किरायाकशों की बस्तियाँ भी होती थीं।

नोरबू साहब ने बड़े गर्व के साथ बताया, कि सिल्क रूट में चलने वाले कारवाँ के कारण नुबरा घाटी गुलजार रहती थी। उन दिनों नुबरा घाटी लेह के आसपास के इलाकों से कहीं ज्यादा संपन्न थी। हमारे पुरखों के लिए समरकंद, बुखारा दुर्गम नहीं थे। पनामिग गाँव में उस समय मध्य एशियाई व्यापारियों के लिए बेहतर शरणगाह होती थी। यह एक तिराहा जैसा भी था, जहाँ से लेह के लिए संपर्क मार्ग बना हुआ था। हुंदर का राजमहल रेशम मार्ग के यातायात में नजर रखने के लिए बनवाया गया था। इसके भौगौलिक और सामरिक महत्त्व को देखते हुए कई आक्रमणकारियों ने इसे जीतने की कोशिश भी की। वे बताते हैं, कि नुबरा, यानि फूलों की घाटी सिल्क रूट में किसी नख़लिस्तान से कम नहीं थी। सिल्क रूट में व्यापार बंद हो जाने के बाद लंबे समय तक नुबरा घाटी उपेक्षित रही है।

वैसे उपेक्षा तो यारकंदी ऊँटों की भी हुई है। उनका स्वर्णिम अतीत, जो उन्हें सिल्क रूट के शहंशाह का खिताब दिलाता था, आज केवल किताबों में सिमट गया है। सन् 1870 में कुछ यारकंदी ऊँटों को लदाख के मुख्यालय लेह में पहुँचाया गया। पुराने समय में इनका उपयोग माल ढोने के लिए स्थानीय स्तर पर होता रहा, किंतु सड़कों के बन जाने और यातायात के साधनों के सुलभ हो जाने के बाद इनकी उपयोगिता नहीं रही। लेह से लगभग दस किलोमीटर दूर छुशोद नामक गाँव में एक ठिकाना यारकंदी ऊँटों के लिए बनवाया गया है। इस गाँव में अरगोन समूह के लोग भी रहते हैं, जिनका अपना अतीत सिल्क रूट व्यापार से जुड़ा रहा है। किराए पर भारवाहक पशुओं को उपलब्ध कराने और व्यापारियों को रास्ता दिखाने के अलावा ये व्यापार में भी थोड़ा-बहुत हाथ आजमा लेते थे। सिल्क रूट का व्यापार बंद हो जाने के बाद अरगोन और यारकंदी ऊँट, दोनों का जीवन बदल गया।

अपनी दो कूबड़ वाली पीठ पर मानव के जीवन को सैकड़ों वर्षों तक ढोने वाले यारकंदी ऊँटों के लिए अब शिआन से बैक्ट्रिया या वाह्लीक प्रांत का विशाल भूभाग, पामीर से हिंदुकुश या पारियात्र पर्वतश्रेणी तक की महान-पवित्र धरती अलग-अलग हिस्सों में बँट गई है। यहाँ के रहवासी अब यह भूल चुके हैं, कि वे कभी एक सूत्र से जुड़े हुए थे। रेशम मार्ग अब अतीत की रोचक पहेली की तरह आने वाली संततियों को शायद यह बता सकेगा, कि हिमालय में ऐसे कारवाँ भी कभी चलते रहे हैं, जिन्होंने आज के दर्जनों देशों तक व्यापारिक वस्तुएँ ही नहीं पहुँचाई हैं; वरन् संस्कृति, अध्यात्म, दर्शन और वैचारिकता के ऐसे आदान-प्रदान भी किए हैं, जिनके कारण ‘वसुधैव-कुटुंबकम्’ के भाव सही अर्थों में स्थापित हुए। इन सबके पीछे केवल मानव रहा, यह कहना नितांत अतार्किक होगा। इसके लिए यारकंदी ऊँटों के प्रति कृतज्ञता का भाव उसी प्रकार उत्पन्न हो जाता है, जिस प्रकार चेतक और बेंदुला के लिए होता है।

नोरबू साहब अब भी यारकंदी ऊँटों की ढेरों बातें बताते जा रहे थे। घड़ी की सुई दोपहर का एक बज गया है, ऐसा बता रही थी। नोरबू साहब के कथनानुसार अब ऊँटों के लंच का समय हो गया था। सामान्य-से कर्मचारियों की तरह ऊँटों को भी दो घंटे की छुट्टी मिली थी, पर्यटकों को मौज-मस्ती कराने के काम से। उनकी पीठ पर पड़ी झूलों को उतारा जा रहा था। उनकी नकेल को आजाद किया जा रहा था। अभ्यस्त दिनचर्या के अनुरूप सभी चल रहे थे। मेरे सामने यारकंदी ऊँटों की तीन पीढ़ियाँ थीं। इनमें बुजुर्गों से लगाकर युवाओं तक, और बच्चों की तरह उछल-कूद करते, अपनी ‘ड्यूटी’ से अनजान उष्ट्र शावकों में से किसी को भी यह अहसास नहीं होगा, कि एक जमाने में यहाँ उनके पुरखों की तूती बोलती थी। एक जमाने में वे सिल्क रूट के शहंशाह हुआ करते थे। यह अहसास तो उन पर्यटकों को भी नहीं होगा, जो दो कूबड़ वाले ऊँटों की सवारी करने की उत्कट अभिलाषा लिए वहाँ पर मौजूद थे, और ‘शहंशाहों’ के अपनी नौकरी पर वापस लौटने का इंतजार कर रहे थे।

-राहुल मिश्र


(साहित्य संस्कार, त्रैमासिकी, जबलपुर के प्रवेशांक, जनवरी, 2019 में प्रकाशित)


Friday 9 June 2023

निर्मल मन जन सो मोहिं पावा

 


निर्मल मन जन सो मोहिं पावा

इदं    तु     ते     गुह्यतमं    प्रवक्ष्याम्यनसूयवे ।

ज्ञानं विज्ञानसहितं यज्ज्ञात्वा मोक्ष्यसेऽशुभात् ।।1।।

राजविद्या       राजगुह्यं      पवित्रमिदमुत्तमम् ।

प्रत्यक्षावगमं    धर्म्यं    सुसुखं   कर्तुमव्ययम् ।।2।।

श्रीमद्भगवद्गीता के नवें अध्याय के प्रारंभ में श्रीकृष्ण और अर्जुन के मध्य संवाद होता है। श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं- हे अर्जुन! तुम दोष-दृष्टि से रहित मेरे परम भक्त हो, इसलिए इस परम गोपनीय ज्ञान को, जो विज्ञान से परिपूर्ण है, तुमसे भली-भाँति कहूँगा। इस ज्ञान को जानकर तुम इस दुःखरूपी संसार से मुक्त हो जाओगे। विज्ञान से परिपूर्ण यह ज्ञान सभी विद्याओं में श्रेष्ठ है, सभी रहस्यों का रहस्य है, अत्यंत पवित्र और उत्तम है। यह ज्ञान प्रत्यक्ष फल देने वाला और धर्म से युक्त है। इस ज्ञान की साधना बहुत सरल है और इस ज्ञान का विनाश कभी नहीं होता है।

श्रीमद्भगवद्गीता में श्रीकृष्ण ज्ञान, धर्म, भक्ति, शरणागति और योग आदि को बताने से पहले इनकी गोपनीयता, रहस्यमयता और इनके गूढ़ होने की ओर संकेत करते हैं। भक्ति, विज्ञान और नीति से जुड़े तत्त्वों का समग्र ज्ञान स्वयं में रहस्य से पूर्ण होता है और भक्ति, ज्ञान, तर्क या फिर नीति में से किसी एक के होने मात्र से ही इस रहस्य को नहीं जाना जा सकता। इसके लिए सर्वांगपूर्ण होना आवश्यक है। इसी आधार पर श्रीकृष्ण ने अर्जुन को इस ज्ञान की प्राप्ति हेतु उपयुक्त पात्र जानकर ही उसे इसका उपदेश दिया। वह भी तब, जब उसने इसे जानने की अपनी उत्कट अभिलाषा प्रकट की।

इस ज्ञान के अव्यय-भाव की ओर भी श्रीकृष्ण संदेश देते हैं-

इमं    विवस्वते    योगं  प्रोक्तवानहमव्ययम् ।

विवस्वान्मन्वे प्राह मनुरिक्ष्वाकवेऽब्रवीत् ।।1।।

एवं     परम्पराप्राप्तमिमं     राजर्षयो  विदुः ।

  कालेनेह  महता  योगो  नष्टः परंतप ।।2।।

मैंने इस अविनाशी योग का वर्णन सूर्य से किया था। सूर्य ने इसे अपने पुत्र वैवस्वत मनु से बताया और मनु ने अपने पुत्र राजा इक्ष्वाकु को बताया। हे परंतप अर्जुन! इस तरह परंपरा से प्राप्त इस अव्यय ज्ञान को राजर्षियों ने जाना और उसके बाद यह ज्ञान धरती पर बहुत समय तक लुप्तप्राय ही रहा। अब तुमको यह ज्ञान देकर सनातन परंपरा को पुनः स्थापित करूँगा।

श्रवण के माध्यम से गूढ़ रहस्य-ज्ञान के संचरण की परंपरा तुलसी के श्रीरामचरितमानस में भी है। राम-चरित के रचयिता भगवान शिव से भगवती पार्वती, महर्षि लोमश, लोमश ऋषि से काकभुशुंडि, काकभुशुंडि से याज्ञवल्क्य और याज्ञवल्क्य से महर्षि भरद्वाज ने रामकथा को सुना। यह रामकथा तुलसीदास ने सूकरखेत में अपने गुरु से सुनी। इस रामकथा को बाबा तुलसी ने जनसामान्य की भाषा में सरल, सहज, सुगम और सुबोध ढंग से लिखा, जो श्रीरामचरितमानस के रूप में पूर्ण हुई।

काल की गति को मापने वाली वृहदतम इकाइयों तक विस्तृत गूढ़, गुह्य, रहस्यपूर्ण विपुल ज्ञानराशि के प्रतिनिधि- श्रीमद्भगवद्गीता और श्रीरामचरितमानस इसी कारण सामान्य-से और साधारण-से धर्मग्रंथ-मात्र नहीं हैं। श्रीमद्भगवद्गीता में आराधक और आराध्य के संवाद हैं, एक जिज्ञासु की जिज्ञासाएँ और उनके समाधान हैं तथा विषय का सम्यक्, सर्वांग निरूपण है। इस कारण गीता के अनुशीलन में विद्वानों को भटकना नहीं पड़ता है। इसके विपरीत श्रीरामचरितमानस में राम के चरित्र के सहारे और रामकथा के अन्य पात्रों के माध्यम से बाबा तुलसी ज्ञान के गूढ़ रहस्य को स्थापित करते हैं।

मानस के प्रारंभ में ही बाबा तुलसी अपनी विनम्रता प्रकट करने के साथ ही रामकथा के गूढ़ तत्त्व की विवेचना करते हैं-

श्रोता    बकता    ग्याननिधि   कथा   राम   कै  गूढ़ ।

किमि समुझौं मैं जीव जड़, कलि मल ग्रसित बिमूढ़ ।।1/30 (ख)।।

बाबा तुलसी की यह आत्मस्वीकार्यता रामचरित की गुह्यता और उसकी रहस्यमयता को स्पष्ट करने में सक्षम है। अपने विवेक से, अपने आत्मबोध से और अपनी सामर्थ्य से बाबा तुलसी रामकथा के गूढ़ तत्त्वों को जितना समझ पाए थे, वह भी उन्हें पर्याप्त नहीं लगा था और भ्रम में पड़ जाने का संदेह भी उन्हें था; संभवतः इसी कारण उन्होंने रामकथा को गूढ़ कहकर उसके स्वरूप को स्पष्ट करने का प्रयास किया होगा। दूसरी ओर, कलिकाल की मूढ़ता से ग्रस्त अज्ञानी और जड़ जीव के लिए रामकथा को उसके वास्तविक अर्थ में ग्रहण कर पाने, समझ पाने की कठिनतम स्थितियों को भी बाबा तुलसी ने बड़ी सरलता के साथ स्पष्ट कर दिया था।

बाबा तुलसी का मानस आमजन के लिए, आम लोगों की भाषा में, समग्र लोकसंस्करण की भूमिका में है। वाल्मीकि रामायण, आनंद रामायण, अध्यात्म रामायण और ऐसे ही अनेक क्लिष्ट महाग्रंथों के रस-संचयन के उपरांत, सगुण-निर्गुण ब्रह्म के लोक में निरूपण के उपरांत तुलसी का यह लोकमहाकाव्य कहीं लोकरंजन की वस्तु-मात्र बनकर न रह जाए, ऐसी चिंता तुलसी के मन में बार-बार उठती रही; और इसी के फलस्वरूप वे राम की कथा को गूढ़, गुह्य, रहस्यपूर्ण कहकर इसके आध्यात्मिक, पारमार्थिक महत्त्व को स्थापित करने का निरंतर प्रयास करते रहे। यह प्रयास उस परंपरा का भी अंग था, जो श्रीमद्भगवद्गीता में श्रीकृष्ण के द्वारा अर्जुन को उपदेश देने से पहले निभाई गई थी।

जिस ज्ञान, विज्ञान, भक्ति, शरणागति के साथ विश्वकल्याण की, मानवता के उद्धार की, समाज के सच्चे-सात्विक विकास की अवधारणा जुड़ी हो और जो ज्ञान मोक्ष या मुक्ति या निर्वाण जैसी स्थितियों की प्राप्ति का माध्यम हो, उसे सामान्य या प्रचलित पद्धति में न तो बताया जा सकता है और न ही ग्रहण किया जा सकता है। ऐसे ज्ञान को ग्रहण करने के उपायकर्त्ता की पात्रता के विषय में चिंतित होना अत्यंत सामान्य बात है। इसी चिंता के कारण ज्ञान को बाँटने से पहले उसकी गुह्यता का, उसके रहस्य और गूढ़ता का वर्णन करके ज्ञान की महत्ता को रेखांकित किया जाना अनिवार्य बन जाता है। तुलसीदास जैसा विलक्षण और क्रांतिदृष्टा संत स्वयं को ‘जीव जड़’ और ‘कलिमल ग्रसित बिमूढ़’ कहकर अपनी अपात्रता को बताने का प्रयास करता है। यह भले ही उनकी विनम्रता हो, मगर इस कथन में निहित भाव को गूढ़-गुह्य ज्ञान की महत्ता के संदर्भ में देखा जाना अपेक्षित होगा।

गूढ़ता, गुह्यता, रहस्यमयता और अर्थ-सघनता के प्रति बाबा तुलसी का आग्रह उस तत्त्व को स्थापित करने के आशय से है, जो सांसारिक दुःखों-कष्टों, वेदनाओं, विकारों के त्रिस्तरीय परिहार के लिए अत्यंत आवश्यक है। जब उस तत्त्व की स्थापना समाज में हो जाती है, जब रामराज्य स्थापित हो जाता है, तब मनुष्य दैहिक, दैविक और भौतिक तापों से, त्रिस्तरीय बंधनों से मुक्त हो जाता है। यही तो रामराज्य की विशेषता है-

दैहिक, दैविक भौतिक तापा । रामराज्य नहिं काहिहु व्यापा ।।

रामराज्य पर महात्मा गांधी ने भी बहुत जोर दिया है। जब रामराज्य की स्थापना और उसकी अवधारणा की चर्चा होती है, तब अनेक चिंतक-विचारक धार्मिक संकीर्णता के छद्म आवरण में अवरुद्ध होकर  धर्मविशेष-मात्र की प्रभुसत्ता या वर्चस्व को देखने लगते हैं। महात्मा गांधी ने अपने जीवन-दर्शन को, अपने अनुभवों को, और भारत ही नहीं, संपूर्ण विश्व के कल्याण के हेतु अपने विचारों को ‘हिंद स्वराज’ में संकलित कर दिया है। ‘हिंद स्वराज’ गांधी दर्शन का सार है। इसमें रामराज्य की अवधारणा है, इसकी स्थापनाएँ हैं। इसमें बाबा तुलसी और बापू के राम के उस तत्त्व की विवेचना है, जिसमें त्रिविध तापों को दूर करने की क्षमता निहित है। इसमें राम के उस तत्त्व की विवेचना है, जो व्यष्टि से लगाकर समष्टि तक कल्याण की सामर्थ्य रखता है। बापू जीवन-पर्यंत इस राम तत्त्व की साधना करते रहे। उनके जीवन का अंतिम उद्गार भी ‘हे राम!’ था। बापू के राम किसी धर्म, मत, पंथ, संप्रदाय-विशेष के राम नहीं थे। इसी कारण उनके व्यक्तित्व का विस्तार सारे संसार में आज भी है।

बापू के राम, बाबा तुलसी के राम और उनकी गूढ़ कथा को समझने के लिए राम के त्रिविध स्वरूप को, और राम की त्रिस्तरीय भूमिका को जानना आवश्यक होगा। गूढ़ता, गुह्यता और रहस्यमयता यही है। जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन्ह तैसी । और निर्मल मन जन सो मोहिं पावा, मोहिं कपट छल छिद्र न भावा । आदि पंक्तियों के माध्यम से बाबा तुलसी राम के गूढ़, गुह्य और पारमार्थिक कल्याणकारी तत्त्व की प्राप्ति की पात्रता को स्पष्ट करते हैं। जो इस पात्रता को पूरा नहीं कर पाता, वह राम के स्वरूप को, राम तत्त्व को एकांगी-एकपक्षीय देखता और जानता-समझता है। वह भ्रम में पड़ जाता है। तब या तो वह कट्टर धार्मिक हो जाता है, या फिर कट्टर अधार्मिक बनकर रह जाता है।

राम का आधिभौतिक स्वरूप सामान्य मानव की भाँति सांसारिक क्रियाकलापों में विन्यस्त है। संसार के षड्यंत्रों, प्रपंचों, अपराधों, कुकर्मों और आसुरी प्रवृत्तियों से जूझता और परास्त करता राम का आधिभौतिक स्वरूप सामान्य और सहज बुद्धि वालों के लिए सुग्राह्य बन जाता है। लोक में राम की लीला राम के प्रति भक्तिभाव को जन्म देती है। आधिदैविक राम तत्त्व विष्णु का अवतार है, शिव का आराध्य है, इसलिए पूज्य है। नारायण की नर-लीला भक्ति में नया आयाम जोड़ती है। आधिदैविक राम तत्त्व से आधिभौतिक राम तत्त्व पुष्ट होता है, इस कारण सांसारिक क्रियाकलाप, असुरों का संहार और ऐसे अन्यान्य क्रियाकलाप बड़े चमत्कारिक ढंग से कुशलतापूर्वक संपन्न होते हैं। बाबा तुलसी के मानस में यह पक्ष तुलसी की राम के प्रति अनन्य भक्तिभावना के कारण पुष्ट होती है, जबकि वाल्मीकि रामायण में राम का आधिदैविक तत्त्व सामान्य मानव के अधिक समीप का दिखता है। राम का आध्यात्मिक तत्त्व ऐसे उत्कृष्टतम स्तर पर है, जिसने राम को मर्यादा की स्थापना करने वाले उत्तम पुरुष की श्रेणी में स्थापित किया है। राम के आध्यात्मिक  तत्त्व में ही वह गूढ़ता, गुह्यता निहित है, जिसे निर्मल मन के बिना पाया नहीं जा सकता, जाना भी नहीं जा सकता। ऐसा निर्मल मन विभीषण का था। जीवरूपी विभीषण सांसारिक आसक्ति, कामना और वासना की प्रतिरूप लंका में मोह, लोभ, द्वेष, कपट आदि के बीच छटपटाता है। जब कभी उसका विवेक उसे वैराग्य रूपी हनुमान के माध्यम से उसे कामना रहित धर्म की, विकार रहित मर्यादा की, सच्ची मानवता की और नीति-आदर्श के वास्तविक स्वरूप की प्राप्ति का मार्ग सुलभ कराता है, तब उसकी परिणति राम की शरणागति के रूप में होती है।

राम का आधिभौतिक तत्त्व सार्थक और निष्काम कर्म के ज्ञान के प्रतीक महाराजा दशरथ और भक्तिस्वरूपा माता कौशल्या के माध्यम से उपजता है, जो विजय और विभूति की प्राप्ति के लिए जीवनपर्यंत धर्म का पालन करता है, मानवता की रक्षा करता है, जीवन के उच्चतम आदर्शों को, मर्यादाओं को स्थापित करता है; तथा यम-नियम रूपी दिग्पालों को मोहरूपी रावण से मुक्त कराकर मोक्ष का मार्ग दिखाता है। इस राम तत्त्व में परहित को धर्म से श्रेष्ठ और परपीड़ा को अधर्म से भी ज्यादा निकृष्ट बताकर जगत्कल्याण की जैसी भावना स्थापित की गई है; वह राम, अर्थात् मर्यादा और धैर्य, अर्थात् सीता के बिना संभव नहीं है।

मानस में अनेक स्थानों पर उपदेश देने के प्रसंगों के माध्यम से बाबा तुलसी ने राम के आध्यात्मिक तत्त्व की स्थापनाएँ की हैं। इसके साथ ही अज्ञान के अंधकार से आवृत्त जड़ जीव को ज्ञान का दीपक जलाकर तथा भक्ति की चिंतामणि को फेरकर शाश्वत प्रकाशपुंज का अंश बनने का उपदेश बाबा तुलसी उत्तरकांड में देते हैं।

राम का आध्यात्मिक तत्त्व राम और रावण के ऐतिहासिक या पौराणिक अस्तित्वमात्र को मानकर ही नहीं चलता, वरन् राम और रावण के शाश्वत स्वरूप को व्याख्यायित करता है। प्रत्येक मनुष्य में राम और रावण हैं। प्रत्येक मानव के आध्यात्मिक धरातल पर राम-रावण संग्राम भी चल रहा है। इस संग्राम का प्रतिफल मानव के कार्य-व्यवहार, आचरण, जीवन-शैली, वाणी, विचार और संबंध में प्रकट होता रहता है। इसी कारण भौतिक स्तर पर राम का भक्त दिखने वाला कोई भक्त अपने अभौतिक रूप में, अपने अचेतन में रावण का भक्त भी हो सकता है। ऐसे भक्तों को प्रभु की मूरत उनकी अपनी अज्ञानता के कारण वैसी ही दिखती है।

दूसरी बात आत्मबल और कर्म पर एकाग्रनिष्ठा की है। महाभारत के प्रसंग में विकट धनुर्धारी अर्जुन ने कर्म पर एकाग्रनिष्ठ और लक्ष्य पर एकाग्र होने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन द्रोपदी स्वयंवर के समय मछली की आँख पर निशाना साधकर कर दिया था। उसके अंदर आत्मबल और कर्मबल की शक्तियाँ तो थीं, किंतु सुषुप्तावस्था में थीं। श्रीकृष्ण को इसका आभास था, इस कारण कर्मयोग का उपदेश देकर उन्होंने अर्जुन की सुषुप्त शक्तियों को जागृत किया। कृष्ण को अर्जुन और अर्जुन को कृष्ण न मिलते, तो महाभारत का युद्ध तब भी नहीं जीता जा सकता था, और आज भी नहीं जीता जा सकता है।

कृष्ण को छलिया-प्रपंची मानने वाली; और साथ ही विभीषण को देशद्रोही, राम को शम्बूक वध का अपराधी देखने वाली आधुनिकताबोधी दृष्टि राम के गूढ़, गुह्य तत्त्व को उसके वास्तविक रूप में ग्रहण न कर पाने के कारण भटक जाती है। यह भटकाव धर्मभीरुता या धार्मिक कट्टरता या फिर धार्मिक विद्वेषजन्य विषमता को जन्म देता है। ऐसे में बाबा तुलसी के राम, बापू के राम और उनका रामराज्य समझ से परे हो जाता है।

राम के भौतिक तत्त्व से अधिक प्रबल राम का आध्यात्मिक तत्त्व है, क्योंकि वही जीवन के सच्चे, सार्थक, शाश्वत मूल्यों को, मर्यादा को, नैतिकता और आदर्श को युगों-युगों तक संरक्षित रख सकने की सामर्थ्य रखता है। इसी कारण राम से बड़ा राम का नाम है। इसी कारण बापू के राम ने ऐसे रामराज्य की परिकल्पना स्थापित की थी, जो इस विश्व को सुंदर बना सकता था। इसी कारण बाबा तुलसी ने अपने जीवन के अनेक कठिन संघर्षों को, विभीषिकाओं को धर्मानुरूप और सम्यक् भाव से विजित करने की क्षमता पाई थी। इस गूढ़ तत्त्व को समझकर; राम को नहीं, राम के नाम को जानकर कोई भी मनुष्य अपने जीवन को मोक्ष का पर्याय बना सकता है। इसके लिए गुह्य-गूढ़ ज्ञान को जानने की पात्रता को उपजाना होगा और उसके बाद दोनों महाग्रंथों- श्रीमद्भगवद्गीता और श्रीरामचरितमानस के मूल रस का आस्वादन करके जीवन को सार्थक और कल्याणकारक बनाया जा सकता है।

-राहुल मिश्र

(राष्ट्रधर्म, लखनऊ के जून, 2023 अंक में प्रकाशित)