Saturday 19 April 2014

प्रकृति और प्रगति की मार झेलते चङ्पा घुमंतू


प्रकृति और प्रगति की मार झेलते चङ्पा घुमंतू
मनाली से लेह का सफ़र तय करते वक्त 5260 मीटर ऊँचे तङलङ ला दर्रे के पहले पङ गाँव पड़ता है। इस गाँव के आगे तङलङ ला की तराई के गाँवों के पास गाड़ियों को देखते ही वहाँ के निवासी गाड़ियों की ओर दौड़ पड़ते हैं और यात्रियों से पानी माँगते हैं। कुछ लोगों ने रास्ते के किनारे तारकोल के खाली ड्रम रख दिए हैं। मनाली-लेह राजमार्ग से अकसर आने-जाने वाले लोग अपने साथ ज्यादा मात्रा में पानी लाते हैं और इन ड्रमों में डाल देते हैं। लगभग पंद्रह-बीस वर्ष पहले मनाली-लेह राजमार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों की याददाश्त में यह वाक़या जीवंत होगा। इन दिनों तङलङ ला की तराई वीरान ही नज़र आती है। इस वीरानी का कारण वहाँ के अधिकांश निवासियों का विस्थापन है।
लदाख अंचल मुख्य रूप से तीन भागों में बँटा है- नुब्रा, जङ्स्कर और चङ्थङ। चङ्थङ का शाब्दिक अर्थ ‘उत्तर का मैदान’ होता है। चङ्थङ का मैदान एक ओर चीन अधिकृत तिब्बत तक तथा दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश तक फैला हुआ है। चङ्थङ के समद रोकछेन, खरनग और कोरजोक क्षेत्रों में रहने वाले घुमंतू आदिवासी चङ्पा कहलाते हैं। चङ्थङ के प्रत्येक क्षेत्र का विस्तार लगभग 100- 150 वर्ग किलोमीटर है।
तङ्लङ् ला के पश्चिम की ओर खरनग क्षेत्र है और दक्षिण-पूरब की ओर कोरजोद क्षेत्र है। यो दोनों क्षेत्र हरियाली और जल की उपलब्धता के संदर्भ में अपेक्षाकृत समृद्ध हैं। इस कारण इस क्षेत्र के चङ्पा घुमंतुओं को प्रकृति की मार अपेक्षाकृत कम ही सहनी पड़ती है।
तङ्लङ् ला के पूरब की ओर समद रोकछेन क्षेत्र में विस्तृत मैदान और ऊँचे-ऊँचे ग्लेशियर हैं। दूर-दूर तक फैले मैदानों में पानी का भीषण संकट है। यहाँ के लोगों को पानी के लिए बहुत ऊँचाई पर जाना पड़ता है, जो बहुत कष्टसाध्य होता है। इस कारण इस क्षेत्र के चङ्पा घुमंतू आदिवासी यात्रियों से पानी माँगकर अपना जीवन चलाने का प्रयास करते हैं।
समुद्र तल से लगभग तेरह हजार फुट की ऊँचाई पर विस्तृत  इस क्षेत्र में जनसंख्या घनत्व सबसे कम है। यहाँ लगातार हवाएँ चलती रहतीं हैं और वनस्पति के नाम पर केवल घास उगती है। घास के बड़े-बड़े मैदानों के कारण ये दुनिया सबसे ऊँचे चरागाहों में से एक है। भारत का सीमांत क्षेत्र होने के कारण यहाँ पर वर्ष-भर फौजी जमावड़ा भी रहता है। पर्यटन के लिए प्रसिद्ध पङ्गोङ झील, त्सोमोरीरी झील तथा पङमिग झील भी इसी क्षेत्र में है।
खरनक, कोरजोक और समद रोकछेन क्षेत्रों के चङ्पा आदिवासी अपने-अपने क्षेत्रों में पुरातन-परंपरागत जीवन-शैली का अनुसरण करते हुए पशुपालन करते आए हैं। ये एक स्थान पर रहने के बजाय चारा-पानी की तलाश में वर्ष-भर भटकते रहते हैं। चङ्पा आदिवासी याक, भेड़, बकरी और घोड़े पालते हैं। यहाँ पर लंबी और छोटी, दोनों प्रजातियों की भेड़ें पाई जातीं हैं। इनसे विश्वप्रसिद्ध एवं बेशकीमती पशमीना ऊन पाया जाता है। याक की खाल और ऊन का भी व्यावसायिक उपयोग होता है। चङ्पा घुमंतुओं का जीवन पशुओं पर निर्भर होता है। महिलाएँ मक्खन बनाने, उपले बनाने और दूध को सुखाकर छुरपे बनाने का काम करतीं हैं। घुमंतू जीवन जीते हुए चङ्पा आदिवासी ऊन, खाल, मक्खन, छुरपे आदि का संग्रह करके उन्हें निचले इलाके के खेतिहर ग्रामीणों को देकर बदले में गेहूँ, जौ, मटर, चना आदि लेते हैं। इनका सत्तू बनाकर सर्दियों में इस्तेमाल करते हैं। इस तरह समूचे चङ्थङ क्षेत्र के लोगों का जीवन घुमंतुओं और खेतिहर स्थाई निवासियों के अन्योन्याश्रित संबंधों पर आश्रित रहता है।
चङ्पा घुमंतुओं की पारिवारिक व्यवस्था मातृसत्तात्मक और बहुपति प्रथा पर चलती है। ये लोग किसी स्थान पर एक से दो माह ठहरते हैं। याक के मोटे ऊन से बने तंबुओं (डोक्सा) में पूरा परिवार एकसाथ रहता है और अपना जीवन बसर करता है। सर्दियों के लिए ये लोग भेड़ की खाल से बने कोट (लक्पा), जूते (पागू) और ऊन से बने मोजे, टोपी (तिबि) आदि का इस्तेमाल करते हैं। बीमारियों के इलाज के लिए ये लोग पारंपरिक चिकित्सा (अमची) और तांत्रिक पद्धति का सहारा लेते हैं।
कुछ विद्वानों का मानना है कि चङ्पा घुमंतू अपने जानवरों के लिए चारे की तलाश में तिब्बत से इस क्षेत्र में आए और यहीं बस गए। कुछ तिब्बती घुमंतू, जो बाद में इस क्षेत्र में आए, उन्हें खम्-बा कहा जाता है। ये लोग घुमंतू जीवन जीने का साथ ही खेती भी करते हैं। चङ्पा समुदाय खम्-बा और लदाख के अन्य मूल निवासियों के साथ वैवाहिक संबंध स्थापित नहीं करता है।
लोत्सर और तङ्ग्युक(घुड़दौड़) इनके प्रमुख पर्व हैं। लोत्सर नव वर्ष की शुरुआत का पर्व है, जिसमें प्रत्येक परिवार अपने घर में क्रमशः कार्यक्रम और प्रीतिभोज का आयोजन करता है, तथा सभी लोग मिलजुल कर उसमें सम्मिलित होते हैं। तङ्ग्युक में प्रत्येक परिवार का पुरुष सदस्य भाग लेता है। सजे-सजाए घोड़ों में घुडदौड़ होती है। परिवार की महिलाएँ प्रतिभागी पुरुषों को छङ (एक प्रकार की देशी शराब) पिलातीं हैं।
कुल मिलाकर चङ्पा घुमंतुओं का जीवन कष्टप्रद होने के बाद भी रोमांच से भरा हुआ होता है। बाहरी समाज पर आश्रित नहीं होने के कारण आधुनिकता की चकाचौंध का भी इन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। सन् 1974 में जारी किए गए गजेटियर के मुताबिक चङ्पा घुमंतुओं के एक हजार परिवार इसी प्रकार अपना जीवन व्यतीत कर रहे थे।
स्वयं में खुश और खुशहाल रहने वाले चङ्पा घुमंतुओं का वर्तमान निराशाओं, संकटों और विभीषिकाओं से भरा हुआ है। खरनक गाँव के निवासी शेरिंग पलजेस बताते हैं कि लगभग 25 वर्ष पूर्व खरनक क्षेत्र में चङ्पा घुमंतुओं के 70-80 परिवार ही बचे थे। ये सभी ज़ारा, पङ्छेन, यारङ्, साङ्ता, लोक्मोछे आदि गाँवों में भ्रमण करते हुए पशुपालन करते थे। इन दिनों मात्र 20-25 परिवार ही खरनक क्षेत्र में बचे हैं, जो घुमंतू जीवन बिता रहे हैं। कमोबेश ऐसी ही स्थिति समद रोकछेन और कोरजोक की है। ये परिवार भी घुमंतू जीवन छोड़कर विस्थापित होना चाहते हैं। चङ्पा घुमंतू अपनी मातृभूमि से विस्थापित होकर लेह के निकट खरनकलिङ्, चोगलमसर में और लेह-मनाली राजमार्ग पर रोङ् गाँव के आसपास बस गए हैं।
 अपने विस्थापन के दर्द को टूटी-फूटी हिंदी में बयाँ करते हुए शेरिंग पलजेस बताते हैं कि सर्दी के मौसम में एक ओर तङ्लङ् ला और दूसरी ओर बारालाचा दर्रों के बर्फ से ढँक जाने और रास्ते बंद हो जाने के बाद लगभग 6 माह के लिए हमारा इलाक प्राकृतिक जेल में तब्दील हो जाता है। बर्फीली हवाओं से जानवरों को बचाना बहुत कठिन हो जाता है। उन दिनों भोदन और पानी की भी बहुत समस्या होती है। बर्फ को पिघलाकर पानी का बंदोबस्त करना पड़ता है। हर साल हजारों पशु बर्फीली हवाओं के कारण मरते हैं। निचले इलाके के खेतिहर लोगों के साथ वस्तु विनिमय की परंपरागत व्यवस्था भी समाप्त हो गई है, इस कारण गेहूँ, जौ, मटर आदि भी नहीं मिल पाते हैं।
शेरिंग पलजेस बताते हैं कि चङ्पा घुमंतुओं का जीवन पशुओं पर आश्रित होता है, इसलिए वे पशु हत्या के लिए अपने पशुओं को कसाइयों को नहीं बेचते, मगर परंपरागत व्यवस्था टूट जाने के कारण उन्हें ऐसा करने को मजबूर होना पड़ता है। वे बताते हैं कि इसी कारण उन्होंने घुमंतू जीवन त्यागकर विस्थापन को भले ही स्वीकार कर लिया हो, मगर मातृभूमि के प्रति लगाव उन्हें बार-बार कचोटता रहता है।
भारत ही नहीं, विश्व के पर्यटन मानचित्र पर लदाख की सशक्त उपस्थिति ने भी चङ्पा घुमंतुओं के जीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। लदाख के मुख्यालय लेह में अपना पर्यटन व्यवसाय चलाने वाले स्थानीय प्रतिनिधि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के सामने चङ्पा घुमंतुओं को प्रदर्शनी के तौर पर पेश करने से बाज नहीं आते हैं। इसका लाभ चङ्पा घुमंतुओं को तो नहीं मिलता, बशर्ते ‘टू नाइट थ्री डेज़ विद चङ्पा नोमैड्स’ जैसे ‘पैकेजेस’ के माध्यम से पर्यटन व्यवसायियों की जेबें जरूर भर जातीं हैं। रोङ्, खरनक, मरखा, जङ्स्कर, लाहुल-स्पीति ट्रेकिंग रूट भी चङ्पा घुमंतुओं के जीवन में अनाधिकृत दखल देते हैं।
इतना ही नहीं, चङ्पा घुमंतुओं का स्वकेंद्रित जीवन, अनूठी जीवन-शैली और मुख्यधारा से दूरी भी उनके अस्तित्व के लिए खतरा बन गई है। प्रगति के विशालकाय प्रतिमानों का जो स्वरूप जङ्स्कर और नूब्रा घाटियों में, साथ ही लेह के आसपास के इलाकों में देखने को मिलता है, वह चङ्थङ के चङ्पा घुमंतुओं से बहुत दूर है। खरनग, कोरजोद र समद रोगछेन में चिकित्सालयों और विद्यालयों के भवन भले ही देखने को मिल जाएँ, शेष सुविधाएँ मिल पाना संभव नहीं है।
वर्ष 2012 की शुरुआत में ही भीषण बर्फीले तूफान के कारण हजारों जानवर इस क्षेत्र में मारे गए थे। इतनी विशाल विभीषिका ने चङ्पा घुमंतुओं को आर्थिक तौर पर इतनी बुरी तरह से तोड़ दिया कि वे लेह तथा अन्य संपन्न गाँवों/कस्बों में दिहाड़ी मजदूरी तक करने को मजबूर हो गए। यह भले ही लदाख अंचल के अनियमित विकास की क्रूर तसवीर पेश करता हो, योजनागत विकास में लगे पैबंदों को उजागर करता हो, अर्थशास्त्रियों-समाजशास्त्रियों के माथे की लकीरों को बयाँ करता हो और पर्यटन के नाम पर इंसान को ही नुमाइश बना देने की वीभत्स मानसिकता को सामने लाता हो, मगर शेरिंग पलजेस जैसे युवाओं की आँखों के आँसू नहीं पोंछ सकता। चङ्पा घुमंतू आदिवासी पर्यटकों के ‘फोटो एलबम’ की शोभा बढ़ा रहे हैं। चङ्पा घुमंतू लगभग आधे वर्ष तक प्रकृति की जेल में कैद रहते हैं और विकास की मुख्यधारा से बहुत दूर हैं, इसलिए मानव-विकास सूचकांक को प्रभावित नहीं कर पा रहे हैं। चङ्पा घुमंतू आदिवासी आजाद देश में विस्थापन की जिंदगी जी रहे हैं। इस हकीक़त को जज्ब़ कर पाना सभ्यता और मानवता के लिए मुमकिन नहीं है।
                                                                  डॉ. राहुल मिश्र










(केंद्रीय समाज कल्याण विभाग, दिल्ली की मासिक पत्रिका, 
समाज कल्याण के दिसंबर, 2013 अंक में प्रकाशित)

बुंदेलखंड के अप्रतिम इतिहासकार और साहित्यसेवी : राधाकृष्ण बुंदेली


बुंदेलखंड के अप्रतिम इतिहासकार और साहित्यसेवी 
राधाकृष्ण बुंदेली
बाँदा शहर के चौक बाजार की ओर बलखंडीनाका की तरफ से चलने पर कापी-किताबों की छोटी-सी दूकान- विजय पुस्तक भंडार। यहाँ पर पुरानी किताबें बेची और खरीदी जाती थीं। विजय पुस्तक भंडार की एक और पहचान राधाकृष्ण बुंदेली के नाम से भी कायम थी। इस छोटी-सी दूकान में साहित्यकारों, शोध छात्र-छात्राओं का और अलग-अलग विषयों के जिज्ञासुओं का दिन-दिनभर जमावड़ा लगा रहता था। कभी कोई किताबें खरीदने या बेचने आ जाता तो उसका काम निबटाकर फिर से साहित्यचर्चा शुरू हो जाती। विजय पुस्तक भंडार में अकसर विदेशी पर्यटक भी बैठे नजर आ जाते।
विजय पुस्तक भंडार की रोजमर्रा की जिंदगी में यह दृश्य कब से कायम है, मेरे लिए यह बता पाना बहुत कठिन है। क्योंकि अपने बचपन से मैंने हमेशा इस क्रम को देखा है। पढ़ाई के दिनों में किताबें लेने के लिए हमलोग भी वहाँ पहुँच जाते थे। बाद में, जब बुंदेली साहित्य, संस्कृति से जुड़ाव शुरू हुआ तो साहित्यचर्चा में शामिल होने लगे। संरक्षक के रूप में, मार्गदर्शक के रूप में राधाकृष्ण बुंदेली की नसीहतें, बातें बहुत प्रभावित करतीं। कभी कोई बुंदेली कहानी, बुंदेली लोकगीत या इतिहास का कोई प्रसंग बुंदेली जी से सुनने को मिल जाता तो वह हमेशा-हमेशा के लिए याददाश्त में बैठ जाता। ऐसे ढेरों प्रसंग, कहानियाँ-किस्से और लोकगीत हमारे लिए प्रेरणास्रोत बन गए। यहीं से बुंदेलखंड के इतिहास, तहजीब और लोकरंग को शब्द देने की प्रेरणा मिली। राधाकृष्ण बुंदेली हमारे लिए प्रेरणास्रोत बने, जिन्होंने बुंदेली माटी के प्रति भावनात्मक लगाव का बीज रोपा। ऐसा महसूस करना मेरे लिए आश्चर्य से भरा हुआ नहीं है कि मेरे जैसे कई युवाओं को प्रेरणा बुंदेली जी से ही मिली होगी।
राधाकृष्ण बुंदेली बुंदेलखंड की माटी के जमीन से जुड़े साहित्यकार, इतिहासकार थे। इस कारण बुंदेलखंड की तहजीब को, यहाँ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को देखने का उनका नजरिया एकदम अलग था। सामान्य रूप से इतिहास का अध्ययन ऐसा होता है, जिसमें संवेदनात्मक, भावात्मक अनुभूति नहीं होती है। बुंदेली जी की इतिहास-दृष्टि इसके विपरीत थी, इसके कारण उनके द्वारा रचे गए विविध लेखों में बुंदेलखंड की ऐतिहासिक विरासत की जानकारी भावनात्मक रूप से ऐसा घनिष्ठ जुड़ाव कायम करने की सामर्थ्य रखती है, जो उनके लेखन कौशल को अद्भुत वैशिष्ट्य प्रदान कर देती है।
बुंदेलखंड के प्रत्येक क्षेत्र, विविध जनपदों में भाषाई विविधता अनूठे किस्म की है। राधाकृष्ण बुंदेली का भाषाई विविधता पर अध्ययन भी उत्कृष्ट था। उन्होंने बुंदेलखंड के विविध क्षेत्रों की बोलियों के साम्य-वैषम्य का अध्ययन किया, उन्हें प्रकाश में लाने का कार्य किया। वे बुंदेली बोलियों का व्यवहार भी बड़े रोचक ढंग से करते थे। बातों के दौरान अक्सर अलग-अलग बोलियों का यथावत् और स्पष्ट प्रयोग सुनकर क्षेत्र-विशेष के प्रति अलग-सा आकर्षण पैदा हो जाता था। विविध बोलियों का व्यवहार करते हुए अक्सर वे चिंतित हो जाते थे। खड़ीबोली हिंदी के प्रयोग और अंग्रेजी के प्रयोग के माध्यम से स्वयं को शिष्ट और पढ़ा-लिखा प्रदर्शित करने के प्रयासों में अपनी भाषाई पहचान के अस्तित्व को मिटाने की नीयत उन्हें बहुत चिंतित करती थी। हमलोगों से वे अक्सर पूछते कि तुम लोगों को कितने प्रकार की बुंदेली बोलियाँ आतीं हैं। बाद में नसीहत भरा संदेश, कि बुंदेली बोलियों को व्यवहार में रखो, उनमें साहित्य लिखो, कहानियाँ लिखो, आदि।
राई, आल्हा, ढिमरियाई, कछियाई, दादरा, सोहर और ऐसे ही तमाम लोकगीतों का सस्वर पाठ करते राधाकृष्ण बुंदेली की चिंता लोकगीतों की पुरातन परंपरा के सिमटते जाने पर भी मुखर हो उठती थी। बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान का यह बहुत बड़ा पक्ष है। कुछ विशेष प्रायोजित आयोजनों के अतिरिक्त इन विधाओं का व्यवहार-लोक सिमटता जा रहा है। सहजता के स्थान पर प्रदर्शन हावी होता जा रहा है। इनके संरक्षण के लिए और इन विधाओं के कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए राधाकृष्ण बुंदेली सदैव प्रयासरत रहे। बुंदेलखंड के लोकगीतों पर उन्होंने कई शोध-छात्रों का निर्देशन भी किया।
बदलती जीवन-शैली, आधुनिकता के प्रभाव और लोकसंस्कृति को पिछड़ेपन की निशानी समझने की मानसिकता के कारण बुंदेली संस्कृति और बुंदेलखंड के गौरवपूर्ण अतीत से समाज की बढ़ती दूरियों को बुंदेली जी ने शिद्दत से महसूस किया। उन्होंने बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को देश-दुनिया के सामने लाने और समाज को अपनी तहजीब, अपने इतिहास से जोड़ने के लिए सर्वाधिक लोक-प्रचलित माध्यम- फिल्म का उपयोग किया। इसके लिए उन्होंने अपने संसाधनों से, अपने अनथक प्रयासों से कालंजर के ऊपर लंबी फिल्म का निर्माण किया।
सन् 1986 में उन्होंने सीमित तकनीकी संसाधनों का उपयोग करके कालंजर दर्शन नामक फिल्म निर्माण की शुरुआत की। इसमें विश्वविख्यात ऐतिहासिक-पौराणिक दुर्ग कालंजर की चालीस किलोमीटर की परिधि में आने वाली ऐतिहासिक धरोहरों का फिल्मांकन किया। राधाकृष्ण बुंदेली ने पटकथा लेखन, संवाद लेखन, पात्र-चयन और निर्देशन आदि दायित्वों का स्वयं निर्वहन किया। तकनीकी के विविध प्रयोगों के माध्यम से फिल्म को रोचक और प्रभावपूर्ण बनाने के लिए अध्ययन भी किया और नवीन अनुसंधान भी किया। कालंजर के आसपास की ऐतिहासिक धरोहरों के साथ ही यहाँ पर प्रचलित धार्मिक मान्यताओं, सांस्कृतिक विशिष्टताओं और भौगोलिक विशिष्टताओं को पूरे यथार्थ के साथ, समग्रता के साथ उन्होंने फिल्माया। लगभग नौ घंटे की यह फिल्म आठ वर्षों के अनथक परिश्रम के बाद बनकर तैयार हुई। इस फिल्म में मड़फा, रौली गोंडा, रसिन और पाथर कछार समेत अनेक दुर्गम स्थानों का फिल्मांकन हुआ है। उस दौर में इन दुर्गम स्थानों तक अकेले पहुँच पाना ही बहुत कठिन हुआ करता था। डाकुओं के अलावा सड़क मार्ग की अनुपलब्धता, लोगों की दूषित मानसिकता और प्राकृतिक आपदाएँ आदि अनेक बाधाओं से जूझते हुए बुंदेली जी ने फिल्म निर्माण पूरा करके नए लोगों को प्रेरणा देने का कार्य भी किया और बुंदेलखंड की सच्ची सेवा भी की। कालंजर दर्शन फिल्म ने कालंजर को विश्व सांस्कृतिक धरोहर में स्थान दिलाने की दिशा में सार्थक योगदान दिया।
कालंजर के अतिरिक्त अन्य स्थानों के संरक्षण, देखभाल और जन-जागरूकता हेतु बुंदेली जी के प्रयास अनवरत जारी रहे। वर्ष 2010 में चित्रकूट के चर गाँव के नजदीक स्थित गुप्तकालीन और भारशिव शासकों द्वारा निर्मित सोमनाथ मंदिर की उनकी यात्रा के साथ हमलोगों की सुंदर-रोचक यादें जुड़ी हुई हैं। सत्तर वर्ष की उम्र में अपनी शारीरिक विवशताओं को दरकिनार करते हुए हमारे अनुरोध पर उन्होंने सोमनाथ मंदिर चलने की स्वीकृति दे दी। दिन-भर के कार्यक्रम में उन्होंने मंदिर के स्थापत्य के बारे में, मंदिर के निर्माण के काल निर्धारण के बारे में और मंदिर से जुड़े अनेक साक्ष्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लगभग एक घंटे के वृत्तचित्र के निर्माण का हमारा संकल्प सफल हो सका, सार्थक हो सका। वृत्तचित्र निर्माण के बाद सोमनाथ मंदिर को राष्ट्रीय पुरातात्त्विक धरोहर के रूप में संरक्षित किए जाने हेतु हमारे अभियान को उनका संरक्षण, मार्गदर्शन जीवन पर्यंत प्राप्त होता रहा।
राधाकृष्ण बुंदेली ने आजीवन बुंदेलखंड की सेवा की और निस्वार्थ भाव से, निष्काम भाव से उनकी सेवा उन तमाम लोगों के लिए मार्गदर्शक बन गई, जिनके लिए शोशेबाजी, दिखावेबाजी करके यश प्राप्ति की या अर्थ प्राप्ति की लिप्सा पहला महत्त्व रखती है। बुंदेली जी को बुंदेली विकास संस्थान, बसारी, छतरपुर के द्वारा सन् 2011 में राव बहादुर सिंह बुंदेला सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त थियोसोफिकल सोसायटी, बुंदेलखंड टीवी एवं फिल्म प्रोडक्शन यूनिट, संस्कार भारती, बुंदेलखंड अमृत महोत्सव सम्मान आदि से सम्मानित किया गया। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा, कालंजर शोध संस्थान, अमर शहीद क्रांतिकारी मंगल पांडे फाउंडेशन, नौटंकी कला केंद्र, मंडल समाचार पत्र संपादक संघ, इंटैक और राष्ट्रीय एकीकरण अनुभाग सहित अनेक संस्थाओं और संगठनों ने उन्हें विभिन्न सम्मानों/पुरस्कारों से सम्मानित किया।
अपने जीवन के उत्तरार्ध में उन्होंने व्यास ऋषि के जन्म-स्थान- अदरी, चिल्ला (बाँदा) और सोमनाथ मंदिर, चर, चित्रकूट की खोज में अमूल्य योगदान दिया। हम युवाओं के लिए उनकी प्रेरणा, उनकी कर्मठ जीवनी-शक्ति अमूल्य है। बिना किसी लालसा के निष्काम भाव से बुंदेलखंड की सेवा करने का जो भाव बुंदेली जी के जीवन में, उनके व्यक्तित्व और कृतित्व में देखने को मिलता है, वह अत्यंत दुर्लभ है। विशेषकर आज के भौतिक युग में, टूटते-बिखरते मानवीय मूल्यों के दौर में अपनी माटी के लिए समर्पण का भाव बहुत कम देखने को मिलता है। विजय पुस्तक भंडार के माध्यम से व्यवसाय की अपेक्षा समाजसेवा को महत्त्व देते हुए, वंचितों-गरीबों को शिक्षा के लिए अवसर उपलब्ध कराते हुए वहीं से बुंदेलखंड के नेह-प्रेम की अलख जगाने वाले राधाकृष्ण बुंदेली का व्यक्तित्व और उनका कृतित्व अनूठा था। विजय पुस्तक भंडार एक प्रतिष्ठान मात्र नहीं, शक्ति का, संप्रेषण का, जागृत चेतना का केंद्र था। हम सभी के लिए यह गौरव की बात है कि हमें बुंदेली जी का संरक्षण प्राप्त हुआ और बुंदेली माटी से भावनात्मक जुड़ाव जोड़ पाने का एक आयाम मिला। हमारे बीच से बुंदेली जी का जाना एक ऐसे निर्वात का सृजन कर गया है, जिसकी भरपाई की संभावना कोसों दूर तक नजर नहीं आती। उनकी उपस्थिति का अहसास मात्र शेष है, जो असीमित शांति देता है, प्रेरणा देता है और उनके सपनों को साकार करने हेतु संघर्ष की शक्ति देता है। उनकी स्मृतियों को कोटिशः नमन।
डॉ. राहुल मिश्र
{बुंदेली बसंत- 2014, बसारी, छतरपुर (मध्यप्रदेश) में प्रकाशित}

Friday 18 April 2014

निराले हीरे की खोज

निराले हीरे की खोज
महान घुमक्कड़ स्वामी, महापंडित राहुल सांकृत्यायन को एक पुरातत्त्ववेत्ता, चिंतक-विचारक एवं उपन्यासकार-कथाकार के रूप में जाना जाता है। यह सत्य है कि उन्होंने रूस, जापान, चीन, तिब्बत आदि देशों की यात्राएँ कीं और उन यात्राओं के माध्यम से प्राप्त किए हुए ज्ञान ने उन्हें ज्ञान की इन तमाम विधाओं का महारथी बना दिया। उन्होंने अपनी यात्राओं का बड़ा रोचक वर्णन करके यात्रा-वृत्तांत और यात्रा-साहित्य की विधा को भी साहित्य-जगत् में स्थापित करने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया है। ये यात्राएँ प्रायः मैदानी और पठारी-पहाड़ी इलाकों की हैं। बहुत कम लोग जानते होंगे कि उन्होंने समुद्री यात्राओं के रोमांच और रहस्य को भी अपने यात्रा-वृत्तांत में शामिल किया है।
समुद्र और समुद्री यात्राएँ आदिकाल से ही मानव के लिए रहस्य और रोमांच का हिस्सा रहीं हैं। राहुल सांकृत्यायन जैसा बहुमुखी प्रतिभावान व्यक्तित्व इस रोमांच से अछूता रह जाए, यह संभव नहीं था। इसी कारण उन्होंने अपनी पुस्तक निराले हीरे की खोज में समुद्र को, समुद्र के रोमांच को इतनी बारीकी से उतारा है कि हकीकत और कल्पना के बीच अंतर करना ही कठिन हो जाता है।
राहुल सांकृत्यायन की पुस्तक निराले हीरे की खोज में बीस उपशीर्षक हैं, जिनमें समुद्र की यात्राओं से जुड़ी बीस अलग-अलग घटनाएँ हैं, बीस अलग-अलग बाधाएँ हैं, जिन्हें पार करते हुए निराले हीरे की खोज पूरी हो जाती है। पुस्तक का पहला उपशीर्षक ही ‘समुद्र का उपद्रव’ है, जो समुद्र में उठने वाली भीषण समुद्री हवाओं के कारण यात्रा की शुरुआत को ही संकटग्रस्त कर देता है, किंतु समुद्री यात्री हरिकृष्ण, मोहन और विक्रम उससे बच निकलते हैं। इसी तरह यात्रा आगे चलती रहती है। यात्रा के अलग-अलग पड़ावों के रूप में किताब में बने उपशीर्षक भी बड़े मजेदार और आकर्षक हैं— जैसे रेतीली खाड़ी में दो स्टीमर, महागर्त का तल, बंगले वाला आदमी, कप्तान का संदेश, भयंकर बुलबुला, मुर्दों की गुफा, मोहनस्वरूप का भूत, शैतान की आँख, पुष्पक का अंत और जल-भित्तिका आदि।
ये उपशीर्षक भी अपने अंदर छिपे रहस्य-रोमांच में पाठकों को खींच लेते हैं। इन्हीं में बँधकर अद्भुत समुद्री यात्रा का आनंद प्राप्त होता है। इसके साथ ही आपसी सूझ-बूझ, समझदारी, तुरंत निर्णय लेने की शक्ति, समन्वय और एक साथ कार्य करने की भावना जैसी नसीहतें सहजता से ही सीखने को मिल जाती हैं। राहुल सांकृत्यायन की दूरदर्शिता भी समुद्री यात्रा में प्रकट होती है। उन्होने समुद्र के जीवन के हर-एक पक्ष को इस तरह से और बड़ी बारीकी के साथ उतारा है, जैसे वे समुद्री यात्राओं के विशेषज्ञ हैं। कहीं पर भी कोई कमी छूट गई हो, ऐसा भी प्रतीत नहीं होता।
निराले हीरे की खोज में चलने वाली समुद्री यात्रा का आखिरी पड़ाव ‘आँख के जानकार’ के रूप में आता है। इसी पड़ाव में ब्राजील की राजधानी रियो-दी-जेनेरो में पहुँचकर समुद्री यात्रियों हरिकृष्ण, मोहनस्वरूप और उनके साथियों को वह निराला हीरा देखने को मिलता है। वह निराला हीरा विश्व के तमाम प्रसिद्ध हीरों से अलग किस्म का है। संसार के कई बड़े हीरों से भी बड़ा हीरा खोज लिया जाता है। यह हीरा कोहिनूर हीरे से और मुगले आजम हीरे से भी ज्यादा वजनी है, इसका वजन 300 कैरेट है।
इस प्रकार निराले हीरे की खोज पूरी हो जाती है। यदि विश्व साहित्य पर एक नजर डालें तो लगभग हर भाषा के साहित्य में ऐसी रोमांचक यात्राएँ, खोजपूर्ण यात्राएँ मिल जाएँगी। किंतु उनमें से कुछ ही ऐसी यात्राओं को हम पढ़कर अपनी याददाश्त में जिंदा रख पाते हैं, जो वास्तव में रोचक होने के साथ ही तथ्यपूर्ण और विशेष रूप से गुँथी हुई होती हैं। ऐसी ही एक यात्रा ‘गुलिवर इन लिलिपुट’ को सभी जानते होंगे। अगर ‘गुलिवर इन लिलिपुट’ की तुलना राहुल सांकृत्यायन के निराले हीरे की खोज से की जाए तो इस तथ्य को नकारा नहीं जा सकता कि हिंदी में लिखी हुई यह बहुत महत्त्वपूर्ण, रोचक, ज्ञानवर्धक और साहसिक यात्रा-कथा है। 




डॉ. राहुल मिश्र